
ये ड्रग्स भोपाल ग्रामीण, राजगढ़, विदिशा और सीहोर से जब्त किए थे
नीमच। भोपाल ग्रामीण रेंज के विभिन्न जिलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए मादक पदार्थों का सोमवार को जावद के खोर स्थित विक्रम सीमेंट फैक्टरी में नष्टीकरण किया गया। फैक्टरी के विशाल बॉयलर में करीब एक क्विंटल मादक पदार्थ जलाकर नष्ट किया गया।
भोपाल ग्रामीण रेंज के डीआईजी ओमप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि नष्ट किए गए मादक पदार्थों में डोडाचूरा, स्मैक, गांजा और गांजे के पौधे शामिल थे। यह मादक पदार्थ भोपाल ग्रामीण, राजगढ़, विदिशा और सीहोर जिले से जब्त किए गए थे। इसी प्लांट में कुछ समय पहले उज्जैन संभाग से जब्त किए गए 78 टन मादक पदार्थ का भी नष्टीकरण किया गया था।
