अहमदाबाद, 02 सितंबर (वार्ता) अदानी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई लिमिटेड (एईएमएल) साल 2031 में भुनाये जाने वाले चार करोड़ 46 लाख 61 हजार डॉलर के ऊंची सुरक्षा वाले नोट्स की पुनर्खरीद की है।
कंपनी ने 15 जुलाई 2021 को 3.867 प्रतिशत ब्याज पर 30 करोड़ डॉलर मूल्य के ऊंची सुरक्षा वाले नोट्स जारी किये थे। ये 10 साल के लिए जारी किये गये थे और 2031 में भुनाये जाने थे।
अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस ने मंगलवार को बताया कि बिजली वितरण के कारोबार में लगी उसकी इकाई अडानी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई लिमिटेड ने चार करोड़ 46 लाख 61 हजार डॉलर के ऊंची सुरक्षा वाले नोट्स की पुनर्खरीद कर उन्हें रद्द कर दिया है। इसके लिए उसने अपने आंतरिक स्रोत से नकदी की व्यवस्था की।
उसने बताया कि इस पुनर्खरीद के बाद उसका बकाया मूलधन 25 करोड़ 53 लाख 39 हजार डॉलर रह गया है।
कंपनी ने बताया कि यह एईएमएल की मौजूदा पूंजी प्रबंधन योजना का हिस्सा है। इससे पहले कंपनी ने 100 करोड़ डॉलर के 3.949 प्रतिशत ऊंची सुरक्षा वाले नोट्स में से नवंबर 2023 में 12 करोड़ डॉलर के नोट्स टेंडर ऑफर के तहत वापस खरीदे थे। इसके अलावा इस साल जून में शेष नोट्स में से 4.95 करोड़ के नोट्स खुले बाजार से खरीदे थे। ये नोट्स 2030 में भुनाने के लिए जारी किये गये थे।
कंपनी ने बताया कि वह आगे भी देनदारी कम करने के लिए इस तरह के उपाय कर सकती है। यह बाजार की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
