नाइजर में सैन्य विद्रोह का प्रयास विफल, रक्षा मंत्री ने कहा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में

नियामे, 29 अगस्त (वार्ता) नाइजर के रक्षा मंत्री जनरल सलीफौ मोडी ने कहा है कि राजधानी नियामे में तख्तापलट या सैन्य विद्रोह के प्रयास को विफल कर दिया गया है और सुरक्षा बलों ने सभी संवेदनशील तथा महत्वपूर्ण स्थानों पर फिर से नियंत्रण प्राप्त कर लिया है।

रक्षा मंत्री ने राष्ट्रीय टेलीविजन पर शनिवार को अपने प्रसारण में कहा कि शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक दियोरी हमामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, सैन्य अड्डे ‘बेस 101’ और राष्ट्रपति भवन के आसपास भारी गोलीबारी और विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। उन्होंने बताया कि सैनिकों के एक समूह ने “सैन्य अनुशासन और नियमों का उल्लंघन” करते हुए बेस 101 पर अपने ही कुछ साथी सैनिकों को बंधक बनाने की कोशिश की और राजधानी के कई संवेदनशील ठिकानों पर अंधाधुंध गोलीबारी की।

जनरल मोडी ने कहा कि नाइजर के रक्षा और सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई के कारण स्थिति को समय रहते संभाल लिया गया और निशाना बनाए गए क्षेत्रों को धीरे-धीरे नियंत्रण में ले लिया गया। उन्होंने नियामे के निवासियों से शांत रहने और अपनी दिनचर्या सामान्य रूप से जारी रखने की अपील की है।

नाइजर की कंसल्टेटिव काउंसिल के सदस्य बाना वागाना इब्राहिम ने भी शांति की अपील करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि देश में सुरक्षा बल मुस्तैद हैं और बेस 101 पर हुई घटना को एक “कायरतापूर्ण हमला” करार दिया।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सैन्य बलों के कुछ विद्रोही तत्वों ने राष्ट्रपति भवन में घुसने का भी प्रयास किया था। नाइजर में सैन्य जुंटा (सैन्य सरकार) के सत्ता में तीन साल पूरे होने के करीब यह घटना सामने आई है। उल्लेखनीय है कि दियोरी हमामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और पास का बेस 101 इस साल पहले भी दो बार (जनवरी और जून में) आतंकवादी हमलों का निशाना बन चुके हैं।

Next Post

अधिकारी दोषी और नेताओं को क्लीन चिट 

Sat Aug 29 , 2026
इंदौर। शहर में दूषित पानी से मौतों के मामले में जांच कमेटी रिपोर्ट में आज कुछ तथ्य सामने आए हैं । कमेटी रिपोर्ट में अधिकारियों को दोषी बताया गया है और  पार्षद से लेकर महापौर तक किसी नेता को मामले में दोषी नहीं माना गया है। खास बात यह है कि […]

You May Like