गुना: शहर के एबी रोड स्थित सदानंद पेट्रोल पंप से 330 रुपये का पेट्रोल डलवाने के बाद रास्ते में एक युवक की गाड़ी बंद होने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने पेट्रोल में पानी मिला होने का आरोप लगाते हुए शहर कोतवाली में शिकायती आवेदन दे दिया है।
जानकारी के मुताबिक कुशमौदा क्षेत्र के हाल-निवासी और मारूति शोरूम में सेल्समैन पद पर कार्यरत सोनू धाकड़ गुरुवार को अपने किसी ग्राहक के पास विजिट पर जा रहे थे। उन्होंने एबी रोड स्थित सदानंद पेट्रोल पंप से 330 रुपये का पेट्रोल भरवाया था। जिसका भुगतान आॅनलाइन किया गया है। पेट्रोल डलवाकर आगे बढ़ने पर रास्ते में गाड़ी अचानक बंद हो गई। वाहन चालू न होने पर जब इसे मैकेनिक को दिखाया गया, तो मिस्त्री ने पूरी गाड़ी की जांच की। मैकेनिक द्वारा पेट्रोल टंकी खोलने पर उसमें कथित तौर पर 2 लीटर से अधिक पानी की मात्रा पाई गई है।
मामले में पीड़ित सोनू धाकड़ का कहना ने इस संबंध में कोतवाली थाने में शिकायती आवेदन दिया है। उन्होंने आशंका जताई है कि इस तरह की समस्या अन्य ग्राहकों के सामने भी आ रही है, जिसका समाधान कराना जरूरी है। बात दें कि इस घटना से एक दिन पहले 12 अगस्त को ही संबंधित विभाग द्वारा बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल पंपों की जाँच का दावा किया गया था। अब पीड़ित की शिकायत के बाद ही प्रशासनिक जाँच में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
