आइची-नागोया (जापान) 03 अक्टूबर (वार्ता) एशियाई खेल 2026 में शनिवार को तीरंदाजी स्पर्धा में रोमांचक शूट-ऑफ के बाद भारत की कुमकुम मोहोद ने ऐतिहासिक व्यक्तिगत रिकर्व में स्वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ ही उन्होंने लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 का कोटा हासिल कर लिया।
आज यहां कुमकुद ने मोहोद ने दक्षिण कोरिया की ओह येजिन को एक रोमांचक फ़ाइनल में हराया, जो शूट-ऑफ तक गया। कुमकुम मोहोद ने एशियाई खेलों में व्यक्तिगत रिकर्व स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनकर इतिहास रच दिया है।
पहले सेट के बाद कुमकुम 2-0 से और दो सेट के बाद 3-1 से पीछे थीं, लेकिन उन्होंने वापसी करते हुए मुक़ाबले को 3-3 से बराबर कर दिया। इसके बाद चौथे सेट में ओह येजिन ने 5-3 से बढ़त बना ली, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आखिरी सेट 30-28 से जीता और मुकाबले को शूट-ऑफ तक पहुंचा दिया।
स्वर्ण पदक का फैसला एक-एक तीर से होना था। ओह येजिन ने 8 का स्कोर किया, जबकि कुमकुम ने 10 का स्कोर करके ऐतिहासिक जीत हासिल की। इस स्वर्ण पदक के साथ कुमकुम का एशियाई खेलों का सफर शानदार रहा। उन्होंने कल ही महिला रिकर्व टीम स्वर्ण और रिकर्व मिश्रित टीम रजत पदक भी जीता था।
महिला व्यक्तिगत रिकर्व इवेंट की दोनों फाइनलिस्ट ने फाइनल में पहुंचकर अपने-अपने एनओसी के लिए लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक कोटा भी हासिल कर लिया।
