मास्को, 03 अक्टूबर (स्पुतनिक/वार्ता) पाकिस्तान के ऊर्जा मंत्री और पाकिस्तान-रूस अंतर-सरकारी आयोग के सह-अध्यक्ष, अवैस लेघारी ने कहा कि प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने वैश्विक मंच पर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने का हर मौके का इस्तेमाल किया है और दोनों नेताओं ने करीबी संबंध बनाने में सच्ची दिलचस्पी दिखाई है।
उन्होंने एक साक्षात्कार में स्पुतनिक से कहा, “क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और आर्थिक विकास के लिए” रूस का सहयोग बहुत ज़रूरी है। उन्होंने अंतर-सरकारी आयोग का उल्लेख किया, जिसके वह रूस के ऊर्जा मंत्री सर्गेई त्सिविलेव के साथ मिलकर सह-अध्यक्ष हैं और जो सहयोग के सभी पहलुओं को देखता है।
श्री लेघारी ने कहा कि पाकिस्तान और रूस के बीच खेती, खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा, पर्यटन और आईटी के क्षेत्रों में सहयोग की बहुत ज़्यादा संभावनाएं हैं। नए रेल लिंक और पाकिस्तान के अंतर्राष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारा में शामिल होने से व्यापार को बढ़ावा मिल सकता है।
इसके अलावा, श्री लेघारी ने सिंधु जल संधि के बारे में कड़े शब्दों में बात की और पाकिस्तान को उसके जल अधिकार देने से इनकार करने की किसी भी कोशिश को युद्ध की कार्रवाई करार दिया। उन्होंने संधि के तहत विवाद सुलझाने के तरीके को फिर से अपनाने का आग्रह किया और चेतावनी दी कि इसके नतीजे इस इलाके से कहीं दूर तक महसूस किए जाएंगे।
