मुंबई, 06 मई (वार्ता) पश्चिम एशिया संकट के स्थायी समाधान की उम्मीद में बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर डॉलर और कच्चे तेल में भारी गिरावट देखी गयी जिससे रुपये ने जबरदस्त वापसी की और 69 पैसे ऊपर बंद हुआ।
अमेरिका ने कहा है कि ईरान के साथ शांति वार्ता में सकारात्मक प्रगति हुई है और जल्द ही स्थायी समझौता हो सकता है। साथ ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रोजेक्ट फ्रीडम को भी फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की है जिसके तहत अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाला वाणिज्यिक जहाजों को एस्कॉर्ट कर रहा था।
इससे दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक करीब 0.5 फीसदी लुढ़क गया। कच्चे तेल भी छह प्रतिशत से ज्यादा टूटकर 103 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
दोनों कारकों से मिले समर्थन से अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया 68.75 पैसे मजबूत बंद हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 94.4925 रुपये का बोला गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 95.44 रुपये प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर तक उतरने के बाद 95.18 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी।
रुपया आज 18 पैसे चढ़कर 95 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। भारी उतार-चढ़ाव के बीच यह नीचे 95.18 रुपये और ऊपर 94.38 रुपये प्रति डॉलर तक गया। अंत में 94.4925 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
