नयी दिल्ली, 06 मई (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को यहां वियतनाम के उप प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री फान वान जियांग के साथ द्विपक्षीय बैठक की और रक्षा सहयोग में प्रगति की समीक्षा की।
श्री सिंह ने बैठक के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा ,” वार्ता का मुख्य उद्देश्य भारत और वियतनाम के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाना था, हाल का घटनाक्रम इस दिशा में सकारात्मक प्रगति को बताता है। ”
रक्षा मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा कि बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल और बढ़ते रणनीतिक विश्वास के साथ संपन्न हुई, जो भारत और वियतनाम के बीच गहरी होती ‘एन्हांस्ड कॉम्प्रिहेन्सिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ को दर्शाती है।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने रक्षा सहयोग की प्रगति की समीक्षा की और उच्च स्तरीय आदान-प्रदान, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा क्षमता निर्माण पहलों में हो रही निरंतर प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से हिन्द प्रशांत क्षेत्र में अपने रणनीतिक हितों में बढ़ते सामंजस्य का उल्लेख किया।
चर्चा में समुद्री सहयोग को मजबूत करने, रक्षा उद्योग में साझेदारी बढ़ाने तथा संयुक्त अनुसंधान, सह-विकास और सह-उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। दोनों पक्षों ने रक्षा बलों के बीच नियमित संपर्क, संयुक्त सैन्य अभ्यास, पोर्ट कॉल और संस्थागत संवाद को भी महत्वपूर्ण बताया।
रक्षा मंत्री ने क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास की परिकल्पना ‘महासागर’ के तहत वियतनाम के साथ सहयोग जारी रखने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया और शांति, स्थिरता तथा नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।
यह बैठक भारत और वियतनाम के बीच रक्षा साझेदारी को और गहरा करने तथा भविष्य में सहयोग के नए क्षेत्रों का पता लगाने की साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है।
