लंदन, 20 नवंबर (वार्ता) अग्नाशय (पैंक्रियाटिक) कैंसर के इलाज में एक बड़ी कामयाबी सामने आयी है जिसमें एक शुरुआती चिकित्सकीय परीक्षण में रोजाना ली जाने वाली ‘डारैक्सोनरासिब’ नामक टैब्लेट को कीमोथेरेपी के साथ देने पर हर 12 में से एक मरीज के स्कैन से कैंसर पूरी तरह गायब हो गया।
हाल ही में एडवांस अग्नाशय कैंसर (जो शरीर के अन्य हिस्सों में फैल चुका था) से पीड़ित 61 मरीजों पर किये गये इस चरण-1/2 के परीक्षण में 90 प्रतिशत मरीजों के ट्यूमर का बढ़ना रुक गया। इसके अलावा, 60 प्रतिशत से कुछ अधिक मरीजों के ट्यूमर सिकुड़ गए या खत्म हो गये, जबकि लगभग आठ प्रतिशत (12 में से एक) मरीजों के सीटी स्कैन में ट्यूमर का पता ही नहीं चला। औसतन डेढ़ वर्ष तक चली इस निगरानी में कुछ मरीजों में कैंसर दोबारा नहीं लौटा।
‘
कैंसर रिसर्च यूके’ ने इस शुरुआती कामयाबी को दशकों की सबसे बड़ी छलांग बताया है। संस्था के डॉ. सैम गॉडफ्रे ने कहा कि इस दवा ने उस बीमारी के इलाज का रास्ता खोज निकाला है, जिसका इलाज अब तक नामुमकिन माना जाता था।
वहीं, अमेरिका के मेमोरियल स्लोन केटरिंग कैंसर सेंटर के डॉ. वुंगकी पार्क ने बताया कि इस उपचार से बीमारी को नियंत्रित रखने की अवधि लगभग दोगुनी हो गई है, जिससे मरीजों के जीवित रहने की अवधि बढ़ सकती है। डॉक्टरों ने हालांकि स्पष्ट किया है कि इसे अभी पूर्ण इलाज नहीं माना जाना चाहिए और दीर्घकालिक परिणामों के लिए लंबे अध्ययन जरूरी हैं।
बीबीसी रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में स्वीकृत यह ‘केआरएएस इनहिबिटर’ नामक लक्षित दवा अधिकतर अग्नाशय कैंसर में पाए जाने वाले ‘आरएएस’ जीन म्यूटेशन (कोशिका के जीन में होने वाला बदलाव) के असर को रोककर काम करती है। यह बदलाव ट्यूमर को बढ़ाने में मदद करता है, जिसे यह दवा निष्क्रिय कर देती है। विशेषज्ञों के अनुसार, फेफड़े और ओवेरियन सहित दर्जनों अन्य प्रकार के कैंसर में भी ऐसे ही जीन म्यूटेशन देखे जाते हैं, इसलिए इस दवा से उन मरीजों को भी फायदा मिल सकता है। इस शोध को ‘ईओआरटीसी-एनसीआई-एएसीआर सिंपोजियम 2026’ (विशेषज्ञ सम्मेलन) में प्रस्तुत किया जा रहा है, जिसकी अध्यक्ष प्रो. एलेना गाराल्डा ने इन नतीजों को बेहद उत्साहजनक बताया है।
गौरतलब है कि अग्नाशय कैंसर के लक्षणों में पीलिया, त्वचा में खुजली, गहरे रंग का पेशाब, हल्के रंग का मल, बिना कारण वजन घटना, थकान और तेज बुखार शामिल हैं।

