इंदौर: इंदौर शहर में यातायात सुविधा की दृष्टि से दो रेलवे ओवर ब्रिज की सौगात मिलने जा रही है। इसको लेकर कलेक्टर कार्यालय में समन्वय बैठक हुई. बैठक में प्रस्तावित रेलवे ब्रिज के निर्माण कार्य, तकनीकी पहलुओं, भूमि समन्वय, यातायात प्रबंधन एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की गई.रेल मंत्रालय द्वारा शहर के विकास को गति देने के लिए शास्त्री ब्रिज एवं आरटीओ-केसरबाग रोड पर रेलवे ब्रिज की स्वीकृति मिलने वाली है.
उक्त प्रस्तावित रेलवे ओवर ब्रिज की योजनाओं को लेकर कलेक्टर कार्यालय में सांसद शंकर लालवानी की मौजूदगी में समन्वय बैठक की गई. बैठक में सांसद लालवानी ने कहा कि शास्त्री ब्रिज शहर की वर्षों पुरानी यातायात समस्या के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. दोनों ब्रिज़ बनने के बाद शहरवासियों को ट्राफिक जाम से राहत मिलेगी. बैठक में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि नगर निगम योजनाओं के क्रियान्वयन में रेलवे एवं जिला प्रशासन के साथ पूरा सहयोग करेगा. विधायक मधु वर्मा एवं रमेश मेंदोला ने कहा कि ब्रिज के निर्माण से शहर के विभिन्न क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा और नागरिकों का समय व ईंधन दोनों की बचत होगी.
कार्य समय सीमा में पूरा करने पर जोर
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बैठक में अधिकारियों को भूमि एवं प्रशासनिक समन्वय से जुड़े बिंदुओं पर आवश्यक निर्देश दिए. तकनीकी त्रुटियों व अन्य कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया. निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने नगर निगम स्तर पर आवश्यक तैयारियों एवं समन्वय की जानकारी दी. पश्चिम रेलवे मंडल के धीरज कुमार एवं अंकुर सिंह ने योजनाओं की तकनीकी रूपरेखा, प्रस्तावित डिजाइन एवं निर्माण कार्य की जानकारी दी. अंत में सांसद लालवानी ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का आग्रह किया.
