
मुंबई, 25 अगस्त (वार्ता) दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के फैंस ने सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में पहल करते हुए सात राज्यों में ह्यूमन पैपिलोमावायरस(एचपीवी) वैक्सीन जागरूकता अभियान चलाने की घोषणा की है।अल्लू अर्जुन फैंस एसोसिएशन के एक प्रवक्ता के अनुसार, अभियान का दूसरा चरण आठ और नौ सितंबर को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सर्वाइकल कैंसर से बचाव और एचपीवी वैक्सीनेशन के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
प्रवक्ता ने कहा कि अभियान के तहत वर्कशॉप, स्कूल सेशन और कम्युनिटी आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सात राज्यों में एक हजार से अधिक जमीनी स्तर के कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है, जिसमें मौजूदा चरण में करीब 400 कार्यक्रम होंगे। अभियान के माध्यम से करीब एक लाख लड़कियों तक पहुंचने और उनके परिवारों को कम उम्र में एचपीवी वैक्सीनेशन तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के बारे में जानकारी देने का लक्ष्य रखा गया है।
एसोसिएशन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर सही जानकारी उपलब्ध कराना तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। फैन क्लबों के सदस्य अपनी सामूहिक पहुंच का इस्तेमाल सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए कर रहे हैं।
अल्लू अर्जुन ने हाल ही में निर्देशक एटली के साथ अपनी आगामी फिल्म ‘राका’ की घोषणा की है। फिल्म का पोस्टर जारी होने के बाद से ही उनके नए अवतार को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है। इसके अलावा वह लोकेश कनगराज के निर्देशन में बनने वाली ‘एए23’ में भी नजर आएंगे। उनकी पाइपलाइन में ‘पुष्पा 3: द रैम्पेज’ समेत कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
