
धार। राजभवन भोपाल के जनजातीय प्रकोष्ठ की टीम ने तिरला ब्लॉक में दो दिवसीय दौरा कर जनजातीय क्षेत्रों में संचालित शासकीय योजनाओं एवं व्यवस्थाओं का जमीनी निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र, बालक छात्रावास, सिकल सेल प्रभावित मरीजों के घर तथा वन अधिकार पट्टाधारकों से संवाद कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली गई।
पहले दिन टीम ने तिरला स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। यहां बेडशीट पर गंदगी मिलने पर साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए। स्टोर हाउस एवं डिलीवरी वार्ड का निरीक्षण कर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
छात्रावास में जमीन पर सोता मिला छात्र-तिरला के बालक छात्रावास के निरीक्षण के दौरान एक बेड की कमी के कारण एक छात्र के जमीन पर सोने की स्थिति सामने आई। टीम ने इसे गंभीरता से लेते हुए छात्रावास अधीक्षक को पर्याप्त बेड उपलब्ध कराने तथा किसी भी छात्र को जमीन पर नहीं सुलाने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
सिकल सेल मरीजों के घर पहुंची टीम
टीम ने तिरला ब्लॉक के ग्राम मुसापूरा में सिकल सेल से प्रभावित मरीजों के घर पहुंचकर मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद किया। उपचार, दवाइयों एवं स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी लेकर नियमित दवा सेवन तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की समझाइश दी गई। इसके अलावा मंडली एवं ज्ञानपुर में भी सिकल सेल मरीजों से संवाद किया गया।
चैलाय में वन अधिकार पट्टाधारकों से चर्चा की
ग्राम चैलाई में वन अधिकार अधिनियम के पट्टाधारकों से चर्चा कर उन्हें वन अधिकार पट्टे से मिलने वाले लाभ एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्राम सभा के अधिकार, ग्राम स्वशासन की भूमिका एवं ग्रामीणों के अधिकारों के संबंध में भी जानकारी दी गई।
१०
———-
मीनाक्षी सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक
दौरे के दूसरे दिन कलेक्टर कार्यालय, धार में सचिव, जनजातीय प्रकोष्ठ, राजभवन भोपाल श्रीमती मीनाक्षी सिंह (ढ्ढ्रस्) की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना, वन अधिकार अधिनियम एवं सिकल सेल उन्मूलन मिशन सहित जनजातीय क्षेत्रों से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों से योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में वन अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, सिकल सेल प्रभावित मरीजों की पहचान एवं उपचार तथा जनजातीय क्षेत्रों में ग्राम स्वशासन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। दो दिवसीय दौरे के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, छात्रावासों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, सिकल सेल उन्मूलन, वन अधिकार एवं ग्राम स्वशासन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष फोकस रहा।
निरीक्षण एवं समीक्षा दल में राजभवन जनजातीय प्रकोष्ठ के विधि विशेषज्ञ श्री भंगूसिंहजी रावत, विधि सलाहकार श्री राकेशसिंहजी सहरिया, विषय विशेषज्ञ डॉ. दीपमाला रावत, सामाजिक कार्यकर्ता श्री कीर्तिमान पटेल, जनजातीय कार्य विभाग के ्रष्ठ श्री पाठक, क्चरूह्र तिरला एवं आयुष विभाग की टीम शामिल रही।
