स्कूल में अचानक गिरा छत का प्लास्टर चार बच्चे घायल

सतना: जिले के फुटौंधी गांव स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बरामदे की छत का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे जा गिरा। हादसे के समय बच्चे बरामदे में बैठकर पढ़ाई कर रहे थे। प्लास्टर की चपेट में आने से चार बच्चे घायल हो गए, जिनमें तीन छात्राएं शामिल हैं।गनीमत रही कि हादसा अचानक होने के बावजूद कोई बच्चा गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। बताया गया कि सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे विद्यालय की कक्षाओं में बारिश का पानी भर गया था। इसके चलते बच्चों को कमरों के बजाय बरामदे में बैठाकर पढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान बरामदे की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर बच्चों के ऊपर गिर गया। प्लास्टर गिरते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई और विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में हर्ष कोल, पल्लवी कोल, जानवी कोल और रागनी पाल घायल हुए हैं। हर्ष, जानवी और रागनी के सिर में चोट आई है, जबकि पल्लवी के पैर में चोट लगी है। घटना के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक एसएन त्रिपाठी ने तत्काल स्थानीय चिकित्सक को बुलाकर घायल बच्चों का प्राथमिक उपचार कराया। रागनी पाल के चाचा रजनीश पाल के अनुसार सभी घायल बच्चों की हालत सामान्य है। फिलहाल किसी बच्चे की हालत गंभीर नहीं बताई गई है।

बारिश ने खोली पोल
स्थानीय लोगों के मुताबिक लगातार हो रही बारिश के कारण स्कूल भवन के छज्जे और प्लास्टर में नमी आ गई थी। इसी वजह से प्लास्टर कमजोर होकर गिरने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि विद्यालय भवन करीब दस वर्ष पहले बनाया गया था। विद्यालय में बारिश के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कक्षाओं में पानी भरने के बाद बच्चों को जिस बरामदे में बैठाकर पढ़ाया जा रहा था, उसी की छत का प्लास्टर गिरने से हादसा हो गया।

Next Post

नर्मदा जल के भागीरथी रामप्रताप की सांसे आचमन पहले ही थमी

Tue Sep 29 , 2026
सतना:प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री गोपालशरण सिंह के भतीजे होने के नाते नागौद क्षेत्र की किले की राजनीति में सेंध लगा गढ़ी की राजनीति को नया आयाम देने वाले तीन बार के विधायक रामप्रताप सिंह ने तीन दशक  पहले विन्ध्य की प्यासी धरती में नर्मदा जल लाने का संकल्प लिया […]

You May Like