
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल द्वारा प्रदेशभर में आयोजित प्रभात फेरी और ध्वज वंदन कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत रविवार सुबह भोपाल के कोलार क्षेत्र में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अवनीश भार्गव की उपस्थिति रही।
प्रभात फेरी सर्वधर्म से बीमा कुंज तक निकाली गई, जिसमें देशभक्ति के संदेश और कांग्रेस की विचारधारा का प्रसार किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भोपाल जिला कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक निहाल अहमद के नेतृत्व में किया गया। इसमें सेवादल कार्यकर्ताओं, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रभात फेरी का समापन बीमा कुंज चौराहे पर ध्वज वंदन कार्यक्रम के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अवनीश भार्गव ने कहा कि कांग्रेस सेवादल संगठन अपने कार्यकर्ताओं में देशभक्ति, अनुशासन और सेवा की भावना को मजबूत करने का कार्य करता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण श्रीवास्तव, ब्लॉक अध्यक्ष राहुल राठौर, मुईन अहमद सिद्दीकी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
