
सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 41 में सन शाइन स्कूल से हिर्रवाह कन्वेयर बेल्ट तक बनाई गई डामरीकृत सड़क की स्थिति खराब होने लगी है। करीब 2 करोड़ 80 लाख 11 हजार 26 रुपये की लागत से बनी इस सड़क पर कई स्थानों पर गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर बने गड्ढों के कारण आए दिन छोटे-मोटे हादसे हो रहे हैं और बाइक सवार चोटिल हो रहे हैं।
इस सड़क का भूमि पूजन 1 नवंबर 2022 को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया था। उस समय क्षेत्र में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई थी। कार्यक्रम में तत्कालीन महापौर रानी अग्रवाल, तत्कालीन विधायक रामलल्लू बैस, निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, वार्ड 41 की पार्षद गौरी अर्जुनदास गुप्ता, एमआईसी सदस्य खुर्शीद आलम, कार्यपालन यंत्री व्हीपी उपाध्याय तथा तत्कालीन निगम आयुक्त पवन सिंह मौजूद रहे थे। हालांकि, सड़क बनने के कुछ समय बाद ही कई हिस्सों में डामर उखड़ने और गड्ढे बनने की स्थिति सामने आने लगी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। लोगों ने सड़क की मरम्मत जल्द कराने की मांग की है।
पीसीसी सड़क खोदने से बढ़ी परेशानी
वार्ड क्रमांक 41 स्थित गनियारी गैस गोदाम के पास कुछ महीने पहले नगर निगम द्वारा पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया था। क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक पाइप लाइन कार्य के दौरान सड़क के कुछ हिस्सों को खोदा गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। रहवासियों का कहना है कि वर्तमान में सड़क पर बाइक से निकलना भी मुश्किल हो गया है।
पार्षद ने आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
वार्ड 41 की पार्षद गौरी अर्जुनदास गुप्ता ने सड़क की स्थिति को लेकर नगर निगम आयुक्त को शिकायत दी है। उनका कहना है कि सड़क अभी गारंटी अवधि में है, इसलिए संबंधित एजेंसी से आवश्यक सुधार कार्य कराया जाना चाहिए। वहीं क्षेत्रीय नागरिकों ने भी सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग उठाई है।
