रीवा
त्योंथर। सेवा सेतु अभियान अंतर्गत मझिगवां स्थित शासकीय हायर सेकंडरी विद्यालय में सरकार आपके द्वार एवं मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में त्योंथर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री सिद्धार्थ तिवारी राज ने प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में क्षेत्रीय जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
विधायक श्री तिवारी ने नागरिकों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। शिविर के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों का पंजीयन भी किया गया। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर संचालित विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर विधायक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए इस प्रकार के शिविर महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों से अपील की कि पात्रता के अनुसार शासकीय योजनाओं का लाभ लें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित अधिकारियों के साथ-साथ उनसे भी संपर्क करें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की त्योंथर विधानसभा क्षेत्र के विकास के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप क्षेत्र को लगातार विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की सौगात मिल रही है।
त्योंथर विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में आई भीषण बाढ़ आपदा में जान गंवाने वाले मृतकों के पीड़ित परिजनों को शिविर के दौरान सरकार की ओर से त्वरित आर्थिक संबल प्रदान किया गया है। विधायक सिद्धार्थ तिवारी ‘राज’ एवं रीवा की जिला पंचायत सीईओ सृष्टि देशमुख ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए।
चेक वितरण के दौरान पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए विधायक सिद्धार्थ तिवारी ‘राज’ ने कहा, “प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरी सरकार और प्रशासन पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ा रहा है। जान के नुकसान की भरपाई तो नहीं की जा सकती, लेकिन पीड़ित परिवारों को बेसहारा नहीं छोड़ा जाएगा। क्षेत्र के हर प्रभावित व्यक्ति को नियमानुसार पूरा मुआवजा और पुनर्वास की सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाए गए है।”
शिविर में एसडीएम त्योंथर राकेश चौरसिया, तहसीदार प्रकाश मिश्र जनपद सीईओ प्रवीण बंसोर बिजली विभाग के डीई आशीष बेन विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, निकायों के जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे
