प्रभारी मंत्री श्रीमती राधा सिंह के मुख्यातिथ्य में कार्यक्रम संपन्न
सतना :प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के अंतर्गत ई-सम्पत्ति कार्ड का वितरण मैहर जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती राधा सिंह के मुख्यातिथ्य में एकलव्य आवासीय विद्यालय मैहर में आयोजित किया गया। स्वामित्व योजना के तहत मैहर जिले के कुल 654 भू-राजस्व गांवों में से 268 गांवों का सर्वे पूर्ण कर लिया गया है और इनमें 25 हजार 84 हितग्राही परिवारों को भू-अधिकार पत्र प्रदान किये गये। प्रभारी मंत्री श्रीमती सिंह ने जिले के 20 हितग्राही परिवारों को प्रतीक स्वरूप भू-अधिकार पत्र वितरित किये। इस अवसर पर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, जनपद अध्यक्ष आकांक्षा विनोद लोधी, नगरपालिका अध्यक्ष गीता संतोष सोनी, जिला अध्यक्ष कमलेश सुहाने, कलेक्टर रानी बाटड़, पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल, अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम विकास सिंह, तहसीलदार जितेन्द्र पटेल सहित अमरपाटन, रामनगर और मैहर तहसील के लाभार्थी हितग्राही मौजूद थे।
स्वामित्व योजना केन्द्र सरकार की एक महत्वकांक्षी योजना के क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश पूरे देश में अग्रणी है। इस योजना में मैहर जिले के कुल 268 ग्राम सम्मिलित है। जिनमें 25,084 हितग्राही परिवारों को 7,96,755 स्क्वायर फिट और 343 करोड़ रूपये मूल्य के आवासीय प्लॉट के भू-अधिकार अभिलेख एक ही दिवस में एक साथ सभी हितग्राहियों को प्रदाय किये जा रहे है। भू-स्वामित्व योजना में ग्रामीण क्षेत्र की आबादी भूमि पर मकान बनाकर निवासरत परिवारों जिनके पास मकान की भूमि का कोई दस्तावेज न होने से मकान के स्वामित्व के विवाद, बैंक से ऋण इत्यादि मिलने से दिक्कत होती थी।
उनके लिये प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के तहत भूमि संबंधी दस्तावेज बनाने हेतु ड्रोन से ग्रामों का सर्वे कराया जाकर पट्टे तैयार किये जा रहे है। जिससे आबादी में रहने वाले ग्रामीणों को अब अपने मकान के स्वामित्व के विवादों से मुक्ति मिलेगी तथा बैंक आदि से ऋण लेने में सुविधा होगी। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने आनंद उत्सव कार्यक्रम के तहत लगाये गये प्रदर्शन स्टालों का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम स्थल पर आनंद उत्सव के अंतर्गत क्रिकेट मैच और पोषण आहार के प्रदर्शन स्टाल लगाये गये।
