
सीहोर. लगातार तीसरी बार सीहोर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे विधायक सुदेश राय के सख्त तेवर हैरानी में डाल रहे हैं,उनकी कार्यशैली की लोग सराहना भी कर रहे हैं. तीन दिन पहले मंडी के उपार्जन केन्द्र पर अपने सख्त अंदाज से सबको अचंभित कर देने वाले विधायक ने मंगलवार को एक बार फिर ऐसे ही मिजाज से लापरवाह जिम्मेदारों को परिचित कराया.
तीन दिन पहले मुख्यालय की कृषि उपज मंडी स्थित शासकीय वेयर हाउस में समर्थन मूल्य केन्द्र पर सर्वेयर द्वारा गेहूं का सैंपल पास करने के नाम पर रिश्वत लिए जाने की जानकारी मिलने के बाद विधायक सुदेश राय स्वयं मौके पर पहुंच गए थे और अधिकारियों की मौजूदगी में रिश्वत मांगने वाले सर्वेयर की क्लास ले डाली थी.
विधायक राय मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. रास्ते में उनकी नजर एक वेयर हाउस के बाहर धूप से बचने के लिए कई किसान पेड़ों की छांव पर ट्रालियों के नीचे बैठे नजर आए तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए वेयर हाउस संचालक की क्लास ले डाली.
उन्होंने वनखेड़ा-चरनाल रोड स्थित वेयर हाउस के बाहर गेंहू की तुलाई कराने पहुंचे किसानों को तेज धूप से बचने के लिए ट्रालियों और पेड़ों के नीचे बैठे देखा. जिस के बाद विधायक सुदेश राय ने अपना वाहन बद्रीनाथ वेयर हाउस की तरफ मोड़ दिया. विधायक सुदेश राय ने वहां मौजूद किसानों से चर्चा की. वहां मौजूद स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मिले. विधायक श्री राय ने वेयर हाउस पर छाया के कोई भी सही इंतजाम नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताई और वेयर हाउस के डायरेक्टर सहित कर्मचारियों की क्लास ली
तीन दिन पहले कृषि उपज मंडी में स्थित वेयर हाउस पर हुए घटनाक्रम के बाद विधायक सुदेश राय क्षेत्र के सभी वेयर हाउसों पर अचानक टीम के साथ पहुंच रहे हैं जिस कारण उपार्जन केंद्रों के कर्मचारियों में हड़कंप का माहौल बना हुआ है. किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए तत्पर विधायक सुदेश राय ने कुछ किसानों ने स्लॉट बुक नहीं होने की शिकायत भी की. उन्होंने किसानों से कहा कि चिंता करने की जरूरत नहीं है. रबी सीजन के उपार्जन के लिए किसान 31 मार्च तक अपना पंजीयन कर सकते हैं.
गेहूं रिजेक्ट करने से पहले दस बार सोच लें सर्वेयर
अपनी विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर निकले विधायक सुदेश राय को जब बद्रीनाथ वेयरहाउस पर पेड़ों व ट्रालियों के नीचे बैठे किसान दिखे तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए वेयर हाउस के डायरेक्टर को जमकर फटकार लगा दी. उन्होंने कहा कि किसानों को छाया में बैठाने के इंतजाम नहीं कर सकते हो तो वेयर हाउस बंद कर दो. अपने सख्त लहजे में उन्होंने कहा कि अब शिकायत आई तो मैं छोडूंगा नहीं और तुम्हारे सर्वेयरों को भी समझा दो,किसानों का गेंहु रिजेक्ट करने से पहले दस बार सोच ले,किसानों को किसी भी प्रकार की तकलीफ नहीं होना चाहिए.
