महावीर अभियान के तहत पक्षियों के संरक्षण की अनूठी पहल

सीधी :भीषण गर्मी के बीच पक्षियों के जीवन संरक्षण और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देने हेतु सीधी शहर में “महावीर अभियान” के अंतर्गत एक सराहनीय एवं प्रेरणादायी पहल की गई। अभियान के तहत शहर के प्रमुख स्थानों, कलेक्ट्रेट परिसर, जिला न्यायालय परिसर, पूजा पार्क, मेघदूत पार्क, बस स्टैंड तथा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 परिसर में पक्षियों के लिए पानी से भरे सकोरे लगाए गए।

यह अभियान केवल पक्षियों को पानी उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज में जीव दया, पर्यावरण संरक्षण और सह-अस्तित्व की भावना को भी मजबूत करने का माध्यम बना। गर्मी के इस कठिन दौर में जब जल स्रोत सूखने लगते हैं और पक्षियों को पानी के लिए भटकना पड़ता है, तब यह पहल उनके लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील होना हमारी सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों, छतों और आसपास भी पक्षियों के लिए पानी एवं दाना रखने की अपील की। इस अवसर पर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सोनू जैन तथा अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बृजेन्द्र सिंह की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। उन्होंने अभियान की सराहना करते हुए इसे सामाजिक चेतना और मानवीय मूल्यों से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया।अभियान की सबसे विशेष बात रही एनसीसी, स्काउट एवं एनएसएस के विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता।

बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न स्थलों पर सकोरे स्थापित किए और लोगों को भी पक्षियों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों का यह योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना, जिसने यह संदेश दिया कि छोटी-छोटी संवेदनशील पहलें भी प्रकृति संरक्षण में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं। महावीर अभियान के माध्यम से सीधी जिले में पर्यावरण संरक्षण, जीव दया और सामाजिक जिम्मेदारी का जो संदेश दिया गया है, वह निश्चित रूप से आने वाले समय में जनभागीदारी से एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकता है।

Next Post

सलमान खान की सलाह से लेकर अनीस बज्मी की मंजूरी तक: कुब्रा सैत ने फिल्म ‘रेडी’ से की बड़ी शुरुआत

Mon May 11 , 2026
मुंबई, 11 मई (वार्ता) अभिनेत्री कुब्रा सैत आज भले ही ‘सैक्रेड गेम्स’ में अपने यादगार किरदार ‘कुकू’ के लिए जानी जाती हों, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब वह मुंबई में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रही थीं। हाल ही में एक वीडियो में कुब्रा सैत ने […]

You May Like