जलालाबाद 21 सितंबर (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरुओं की पावन धरती पंजाब पर नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में जनता के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनी तो नशा फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को अपना धंधा छोड़ना होगा या पंजाब छोड़ना पड़ेगा।
श्री सैनी सोमवार को जलालाबाद में नशामुक्त यात्रा के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ इस अभियान को राजनीतिक कार्यक्रम या रोड शो तक सीमित न रखकर गांव-गांव तक पहुंचाया जाए और इसे वास्तविक जन आंदोलन बनाया जाए। कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक संगठनों को नशे से प्रभावित परिवारों से संपर्क कर युवाओं को समाज की मुख्यधारा में वापस लाने के प्रयास करने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले पंजाब में तीन से छह महीने में नशा खत्म करने के वादे किए गए थे। इसके बाद 15 अगस्त 2024, 31 दिसंबर 2024 और एक मार्च 2025 जैसी समय सीमाएं बताई गईं, लेकिन जनता को अब भी बदलाव का इंतजार है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बड़े नशा कारोबारियों पर कार्रवाई करने के बजाय छोटे आरोपियों तक सीमित है। पंजाब की जनता को नारे नहीं, बल्कि नशे से मुक्ति, बेहतर इलाज, रोजगार और सम्मान चाहिए। सैनी ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी जनता की समस्याएं सुनना और उनका समाधान करना है।
