नयी दिल्ली, 26 सितबंर (वार्ता)जनता दल यूनाईटेड (जदयू )सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने शुक्रवार को बिहार में महिला रोजगार योजना के शुभारंभ पर कहा कि यह योजना महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक अहम उपलब्धि साबित होगी ।
श्री कुमार ने यूनीवार्ता से बातचीत में कहा कि पहले महिलाएं घर से बाहर कदम रखने में संकोच करती थी लेकिन महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों के कारण आज बिहार की महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैँ। आने वाले समय में बिहार पूरे देश में पहला स्थान पर रहेगा। बिहार के हर जिले में ऐसी ही योजनाओं के जरिये महिलाओं को सशक्त बनाकर जागरुक बनाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बिहार की 75 लाख महिलाओं के खाते में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के जरिए 10-10 हजार रुपये भेजे गये हैं वह निश्चित रूप से बहुत बड़ा एवं ऐतिहासिक कदम है l उन्होंने यह भी कहा कि जागरुकता अभियान चलाकर इस योजना की उचित जानकारी दी जाये, ताकि इसका लाभ पात्र लाभार्थियों को मिल सकें एवं योजना का दुरुपयोग ना हो l
गौरतलब है कि आज मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत राज्य की 75 लाख महिलाओं के खाते में पैसा भेजा गया है। श्री मोदी ने इस योजना का वर्चुअल तरीके से शुभारंंभ किया और इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य मंत्री एवं नेता उपस्थित थे।

