
सीधी। मानवीय संवेदना और जनसेवा की भावना का परिचय देते हुए सीधी-सिंगरौली-ब्यौहारी लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक की तत्काल मदद कर संवेदनशीलता का उदाहरण प्रस्तुत किया। जानकारी के अनुसार सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ब्यौहारी से सीधी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान चौफाल पवाई क्षेत्र में सड़क पर एक युवक दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में दिखाई दिया। युवक को सड़क पर घायल देखकर सांसद ने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और स्वयं मौके पर पहुंचकर उसकी स्थिति का जायजा लिया।
सांसद ने बिना समय गंवाए घायल युवक को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया तथा तत्काल एम्बुलेंस बुलाने के निर्देश दिए। एम्बुलेंस के मौके पर पहुंचने के बाद घायल युवक को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सीधी भेजा गया। सांसद डॉ. मिश्रा ने जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों से भी संपर्क कर घायल युवक को तत्काल आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान सांसद की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता ने यह संदेश दिया कि जनप्रतिनिधि के लिए जनता की सेवा केवल दायित्व नहीं, बल्कि मानवीय कर्तव्य भी है। सड़क पर घायल व्यक्ति की मदद के लिए अपना काफिला रुकवाकर तत्काल चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करना क्षेत्रवासियों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। स्थानीय लोगों एवं परिजनों ने सांसद डॉ. राजेश मिश्रा द्वारा दिखाई गई इस मानवीय संवेदना और तत्परता के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि संकट की घड़ी में समय पर मिली सहायता घायल व्यक्ति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और सांसद द्वारा तत्काल उठाया गया कदम सराहनीय है।
