स्वदेशी छवि को बढ़ावा देने के लिए लेज ने पैक पर किसानों को दी जगह

नयी दिल्ली, 05 सितंबर (वार्ता) स्वदेशी की अपनी छवि को बढ़ावा देने के लिए अमेरिकी कंपनी पेप्सीको की भारतीय इकाई पेप्सिको इंडिया ने लेज चिप्स के पैक पर किसानों को जगह दी है।
पेप्सीको इंडिया ने शुक्रवार को बताया कि उसके आलू चिप्स ब्रांड लेज ने भारतीय किसानों को सम्मानित करने वाली अपनी पहल ‘मिट्टी की चिट्ठी’ के तहत यह शुरुआत की है। लेज ने पहली बार लिमिटेड एडिशन पैक पेश किया है जिनमें भारतीय किसानों को दर्शाया गया है। इन पैकेट्स पर पुरुष और महिला किसानों के हाथ से बने चित्र हैं जिनके चारों ओर खेती के जीवंत दृश्य दिखाये गये हैं। साथ ही एक फिल्म भी तैयार की गयी है जिसमें आलू उगाने में किसान की मेहनत से लेकर चिप्स तैयार होने तक की कहानी दिखायी गयी है। पैक पर एक क्यूआर कोड दिया गया है, जिसके जरिये उपभोक्ता सीधे उस फिल्म तक पहुंच सकते हैं।
कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि ये लिमिटेड-एडिशन पैक उपभोक्ताओं तक “मिट्टी की चिट्ठी” लेकर आते हैं। ‘मिट्टी की चिट्ठी’ पहल के अन्तर्गत लेज ने बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में ‘मिट्टी जांच केंद्र’ की स्थापना भी की है।
सोशल मीडिया पर अमेरिकी कंपनियों और उत्पादों के विरोध की अपीलों के बीच कंपनी ने यह बताने की कोशिश की है कि उसके उत्पाद पूरी तरह स्वदेशी हैं।
पेप्सिको इंडिया की प्रबंध निदेशक सौम्या राठौर ने कहा, “हर लेज चिप्स की एक कहानी होती है और वह कहानी उसके क्रंच से बहुत पहले शुरू होती है। लेज खुशी और मुस्कान का प्रतीक है और हमारा मानना है कि हमारे लिए असली खुशी उन किसानों से शुरू होती है, जो बेहतरीन मिट्टी में उच्च गुणवत्ता वाले आलू उगाते हैं। हर क्लासिक साल्टेड पैक को बारीक, रंगीन और आकर्षक कलाकृतियों से सजाया गया है—जो किसानों, उनकी जमीन और हमारे पसंदीदा चिप्स के बीच के बंधन का उत्सव है।”
कंपनी ने बताया कि वह ब्रांड लेज के माध्यम से 14 राज्यों में 27,000 से अधिक किसानों के साथ मिलकर काम कर रही है। लेज में इस्तेमाल होने वाले शत-प्रतिशत आलू भारतीय किसानों से खरीदे जाते हैं। इससे किसानों की आमदनी बढ़ी है।

Next Post

नोएडा, ग्रेटर नोएडा से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए शुरू होगी सीधी लग्जरी बस सेवा

Fri Sep 5 , 2025
नयी दिल्ली, 05 सितंबर (वार्ता) नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए अब दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचना बेहद आसान हो जायेगा क्योंकि जल्द ही इसके लिए सीधी लग्जरी बस सेवा शुरू होने वाली है। एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा […]

You May Like