
छतरपुर/नौगांव। शासकीय बापू महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को बस किराए में मनमानी वसूली के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में आक्रोशित विद्यार्थियों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर झांसी-छतरपुर मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बताया कि कॉलेज आने-जाने के लिए उन्हें बसों का सहारा लेना पड़ता है। आरोप है कि बस संचालकों द्वारा विद्यार्थियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूली जा रही है। इससे रोजाना कॉलेज आने वाले छात्र-छात्राओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने सड़क पर बैठे विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जाम खुलवाने का प्रयास किया। छात्रों ने बस किराए में मनमानी पर रोक लगाने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
