
ग्वालियर। सांसद भारत सिंह कुशवाह दतिया उपचुनाव के लिए भाजपा का चुनाव प्रभारी बनते ही कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में जुट गए हैं वहीं भाजपा के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने भी सह-प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल ली है। दोनों नेताओं पर चुनाव अभियान के समन्वय, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और बूथ स्तर तक चुनावी रणनीति को मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी। भाजपा ने उपचुनाव को देखते हुए संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं और इन नियुक्तियों को उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
*कुशवाह वोट बैंक पर भी नजर*
सांसद भारत सिंह कुशवाह को प्रभारी बनाए जाने के पीछे जातीय समीकरण अहम माना जा रहा है। दतिया विधानसभा क्षेत्र में करीब 27 हजार कुशवाह मतदाता हैं, जिन्हें चुनाव में निर्णायक माना जाता है। पिछले चार विधानसभा चुनावों में इस सीट पर जीत-हार का अंतर लगभग 10 से 12 हजार वोट के भीतर रहा है। ऐसे में भाजपा संगठन कुशवाह समाज के मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है।
