व्यापारिक समस्याओं के समाधान को आगे आया कैट, व्यापारियों से हुआ संवाद

ग्वालियर । शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र राजीव प्लाजा में कैट द्वारा ‘कैट आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बैठक में व्यापारियों ने सहभागिता करते हुए अपनी जमीनी समस्याएं कैट पदाधिकारियों के समक्ष रखीं। कैट पदाधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि सभी मुद्दों को प्राथमिकता के साथ शासन एवं प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा, ताकि त्वरित और स्थायी समाधान निकाला जा सके।

*सीवर समस्या पर व्यापारियों ने जताई चिंता*

व्यापारी मोंटी गोयल ने बताया कि राजीव प्लाजा भवन के पीछे बने लैट्रिन-बाथरूम की गंदगी के निकास के लिए सीवर लाइन को अब तक मुख्य लाइन से नहीं जोड़ा गया है।

इस कारण पीछे की ओर गंदगी और पानी जमा हो जाता है, जिससे दुकानदारों को भारी परेशानी होती है और भविष्य में किसी बड़े नुकसान की आशंका भी बनी रहती है। व्यापारियों ने मांग की कि नगर निगम तत्काल तकनीकी निरीक्षण कर सीवर कनेक्शन को मुख्य लाइन से जोड़े।

*ऑनलाइन भुगतान पर साइबर फ्रॉड का खतरा, खाते हो रहे फ्रीज*

व्यापारी विकास शिवहरे ने बताया कि ऑनलाइन पेमेंट के दौरान कई बार दुकानदारों के बैंक खाते साइबर फ्रॉड के शक में फ्रीज कर दिए जाते हैं। खाता फ्रीज होने के बाद दुकानदारों को बैंक के चक्कर काटने पड़ते हैं, लेकिन समस्या का समय पर समाधान नहीं हो पाता। व्यापारियों ने मांग की कि बैंकिंग प्रक्रिया को सरल किया जाए और निर्दोष व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

*सड़कों पर ठेले, जाम से व्यापार प्रभावित*

व्यापारी अली खान ने बताया कि प्लाजा के आसपास सड़कों पर ठेले खड़े हो जाने से अक्सर जाम की स्थिति बनती है। इससे न केवल ग्राहकों को असुविधा होती है, बल्कि व्यापार भी प्रभावित होता है। उन्होंने प्रशासन से ठेला व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने की मांग की।

*कैट का भरोसा : प्रशासन से समन्वय कर निकलेगा समाधान*

कार्यक्रम में मौजूद कैट के जिला अध्यक्ष रवि गुप्ता, कोषाध्यक्ष मयूर गर्ग और प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज चौरसिया ने कहा कि व्यापारियों की सभी समस्याएं वास्तविक और गंभीर हैं। कैट इन मुद्दों को नगर निगम, बैंकिंग अधिकारियों और जिला प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखेगा, ताकि व्यापारियों को राहत मिल सके और शहर का व्यापारिक माहौल बेहतर बने।

बैठक में कैट के जिला अध्यक्ष रवि गुप्ता, संयोजक दिलीप पंजवानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट जे. सी. गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल जयसवाल, कोषाध्यक्ष सीए मयूर गर्ग, जिला महामंत्री विवेक जैन एवं कोर सदस्य नितिन गोयल तथा व्यापारियों में मोंटी गोयल, अमित हबलानी, मनोहर भवनानी, श्याम मंडिल, मनीष दीक्षित, विकास शिवहरे, श्याम सुंदर चौरसिया, आकाश, अली खान, कृष्णा पाल, प्रतीक चौरसिया और रॉकी शर्मा सहित अनेक लोग शामिल रहे।

Next Post

आयुध निर्माणी के कर्मचारियों में तेंदुए को लेकर दहशत व्याप्त

Mon Jan 19 , 2026
जबलपुर। आयुध निर्माणी खमरिया के पास लगातार तेेंदुए की गतिविधि ने कर्मचारियों में खासी दहशत व्याप्त है और अब उन्हें ये डर सताने लगा है कि कहीं तेंदुआ निर्माणी के किसी कर्मचारी पर हमला न कर दे। विदित हो कि कुछ दिन पहले ही तेंदुआ आयुध निर्माणी के गेट नंबर […]

You May Like