
जबलपुर। आयुध निर्माणी खमरिया के पास लगातार तेेंदुए की गतिविधि ने कर्मचारियों में खासी दहशत व्याप्त है और अब उन्हें ये डर सताने लगा है कि कहीं तेंदुआ निर्माणी के किसी कर्मचारी पर हमला न कर दे। विदित हो कि कुछ दिन पहले ही तेंदुआ आयुध निर्माणी के गेट नंबर 4 के पास दिनदहाड़े पहुंच गया था जिसके बाद से कर्मचारियों में दहशत कहीं ज्यादा व्याप्त हो गई थी।
सोमवार को आयुध निर्माणी खमरिया के प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और जिला वन अधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और मांग की कि तेंदुए का रेस्क्यू किया जाए जिससे किसी बड़ी दुर्घटना घटित होने से बच सके। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी द्वारा आयुध निर्माणी के प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया गया कि तेंदुए की ट्रैकिंग कर उसे पकड़ा जाएगा। इस मौके पर कार्यसमिति की ओर से संजीव सिंह उपाध्यक्ष, प्रभात रंजन, संजय सिंह, एवं निर्भय सिंह पटेल उपस्थित रहे ।
