
छिंदवाड़ा। मिश्रा कालोनी स्थित शराब भट्टी पर अवैध अहाते के सामने धरने देने वालों के ऊपर ठेकेदार लोगों ने लाठी और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में गुलाबी गैंग की कमांडर सहित तकरीबन आठ लोगों को चोट आई है। जिसकें तकरीबन पांच महिलाएं और कुछ पुरूष शामिल है। जिसके बाद सभी गुलाबी गैंग घायलों और कार्यकर्ताओं को लेकर कोतवाली पहुंची। जहां थाने का घेराव किया गया। कार्यकर्ताओं और गुलाबी गैंग कमांडर ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया है। जानकारी अनुसार गुलाबी गैंग की कमांडर पूर्णिमा वर्मा अवैध अहाते को बंद करने को लेकर लगातार धरना प्रदर्षन कर रही है। उनकी गैंग सोमवार को राजपाल स्थित मिश्रा कालोनी के पास अवैध अहाता बंद कराने पूरे लाव लश्कर के साथ पहुंची थी। वहां धरना देकर अहाते को बंद कराने की कोशिश की गई। इस दौरान शराब ठेकेदार के 10 से 15 आदमी पहुंच गए। दोनों के बीच जमकर विवाद हो गया। इस दौरान गुलाबी गैंग की कार्यकर्ताओं ने अहाते को जमकर नुकसान पहुंचाया। तभी ठेकेदार के आदमियों ने गुलाबी गैंग पर लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में सविता यादव को सिर में गंभीर चोट, सविता कनौजिया को हाथ में, संगीता राय को पीठ में, और गौरा बाई को सिर में चोटें आई है। इस मामले में कोतवाली टीआई का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
काग्रेस पार्षद भी हुए घायल
बताया जा रहा है कि गुलाबी गैंग के विरोध प्रर्दशन में राजपाल चौक क्षेत्र के लोग भी शामिल हो गए थे. इस बात की सूचना मिलने पर स्थानीय कांग्रेस पार्षद राहुल मालवी भी मौके पर पहुंच गए. इस दौरान ठेकेदार के लोग भी वहां पहुंच गए. स्थानीय लोगों और ठेकेदार के युवकों के बीच में कहा सुनी हो गई और शराब ठेकेदार के युवकों ने लाठी डंड़ो से मारपीट करना शुरू कर दिया. इस दौरान बीच बचाव करने रहे पार्षद राहुल मालवी के सिर में लाठी लगने से वह घायल हो गए।
