इंदौर. शहर में नगर निगम डबल लाइन से पानी की सप्लाई करना बंद कर देगा. शहर में 30 नवंबर के बाद पुरानी लाइन से पानी सप्लाई बंद कर दी जाएगी. मतलब यह है कि नर्मदा लाइन से जिन क्षेत्रों में पुरानी और नई दोनों लाइनों से पानी सप्लाय किया जा रहा है, उसमें एक लाइन से नर्मदा पानी का बंद कर दिया जाएगा. इसके लिए नगर निगम द्वारा अभियान शुरू किया जा रहा है.
महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर शहर में नवीन एवं पुरानी समानांतर जलप्रदाय पाइपलाइन (डबल लाइन) व्यवस्था को समाप्त करने हेतु अभियान शुरू किया गया है. शहर के जिन क्षेत्रों में नवीन जलप्रदाय पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है तथा उसके साथ पुरानी पाइप लाइन भी समानांतर रूप से संचालित है. ऐसे सभी क्षेत्रों की पहचान कर पुरानी पाइप लाइन बंद करने की कार्रवाई की जाएगी. महापौर एवं आयुक्त ने अधिकारियों को आदेश दिए है कि नवीन एवं पुरानी समानांतर पाइप लाइन की व्यवस्था एक माह की समय-सीमा में खत्म करना है. देरी के लिए जोन क्षेत्र का उपयंत्री जिम्मेदार होगा.
दिए गए निर्देश
1. प्रत्येक सहायक यंत्री अपने-अपने जोन में ऐसे सभी क्षेत्रों का सर्वे कर जानकारी एकत्र करेंगे. जहां पर नई एवं पुरानी पाइप लाइन समानांतर रूप से संचालित हैं.
2. उक्त जानकारी निर्धारित प्रारूप में एकत्रित करेंगे.
3. जानकारी में यह स्पष्ट उल्लेख किया जाए कि संबंधित क्षेत्र में नवीन पाइप लाइन चालू है अथवा नहीं. साथ ही पुरानी पाइप लाइन को बंद करने की स्थिति क्या है? यदि पुरानी पाइप लाइन बंद करने में कोई तकनीकी अथवा अन्य समस्या है, तो वह भी बताना होगा.
