इंदौर:भारत स्काउट गाइड मध्य प्रदेश के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर इंदौर जिले में सप्ताह भर चले विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ.मुख्य समारोह में जिले के सैकड़ों स्काउट-गाइड ने भाग लिया, जिन्होंने सप्ताह भर चली चित्रकला, रंगोली, कुकिंग, टेंट मेकिंग, सामूहिक नृत्य, फैंसी ड्रेस, निबंध प्रतियोगिता तथा यातायात एवं नशामुक्ति रैली जैसे आयोजनों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर पुरस्कार जीते.
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि विधायक गोलू शुक्ला थे. उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड अनुशासनशील होते हैं और समाज में सदैव निःस्वार्थ सेवा कार्य के लिए तत्पर रहते हैं. कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मध्य प्रदेश के राज्य आयुक्त डॉ. अशोक कुमार भार्गव (भोपाल) ने भारत स्काउट-गाइड के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड समाज सेवा के हर क्षेत्र में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाते हैं.
विशेष अतिथि के रूप में पार्षद सुरेश टाकलकर, शिक्षा विभाग के सहायक संचालक सक्षम बारमेटा और सहायक राज्य संगठन आयुक्त श्री सुशील कुशवाह उपस्थित थे. भारत स्काउट गाइड जिला संघ इंदौर के अध्यक्ष भूपेन्द्र अडसुरे ने स्वागत भाषण दिया. इस गरिमामयी कार्यक्रम में जिला संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और विभिन्न स्कूलों के स्काउटर, गाइडर एवं स्काउट-गाइड्स ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. समारोह का संचालन जिला सचिव दिलीप मेहता ने किया. आभार कमलेश पंडित ने माना
