
नीमच। जिले में सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहले दिन मंगलवार को 10वीं कक्षा का गणित का पेपर आयोजित किया गया। परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों को तनावमुक्त रखने और उनका हौसला बढ़ाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। सुबह केंद्रों पर पहुंचे परीक्षार्थियों का शिक्षकों ने तिलक लगाकर, फूल भेंट कर और ‘गुड लक’ संदेशों के साथ स्वागत किया। केंद्रों पर रंग-बिरंगे गुब्बारे और प्रेरक स्लोगन भी लगाए गए थे, जो विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ा रहे थे।
परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू हुई, जिसके लिए विद्यार्थी 9 बजे से ही केंद्रों पर जुटने लगे थे। जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए 8 केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। सुबह 10 बजे के बाद किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं दिया गया।
नीमच जिले में सीबीएसई के कुल 2181 विद्यार्थी हैं, जिनमें 10वीं के 1239 और 12वीं के 942 शामिल हैं। परीक्षा से पहले शिक्षकों ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन और शांत मन से प्रश्नपत्र हल करने की रणनीति पर मार्गदर्शन भी दिया था।
