सतना: कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस के निर्देश पर कुख्यात गांजा, शराब एवं मेडिकल नशा तस्कर अनूप जायसवाल उर्फ जस्सा के परिवार के द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर प्रशासन को चुनौती देने के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई कर करोड़ों की सरकारी जमीन मुक्त कराई गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार तस्कर जस्सा के छोटे भाई की बहु माधुरी जायसवाल ग्राम पंचायत पिथौराबाद की सरपंच है।
इसके रसूख के चलते प्रदीप जायसवाल उर्फ कल्लू द्वारा नागौद उचेहरा मुख्य मार्ग पर बिजली विभाग के सबस्टेशन के बगल में सरकारी नाले को मिट्टी से पाट कर बिल्डिंग बनाई जा रही थी। जहां 1 अप्रैल से शराब दुकान खोलने करीब 60 प्रतिशत काम तेजी से किया जा चुका था। इसके पूर्व ही प्रशासन ने सख्ती दिखाते इस अवैध निर्माण को बुलडोजर से पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान उचेहरा एसडीएम सुमेश द्विवेदी,तहसीलदार ज्योति पटेल,राजस्व निरीक्षक प्रमोद पटेल,पटवारी चुन्नीलाल प्रजापति सहित राजस्व टीम और पोड़ी चौकी और नागौद थाना से पुलिस बल भी मौजूद रहा।
बार- बार मिल रही चुनौती
बताया गया कि शासकीय भूमि पर बड़े पैमाने में किया जा रहा अतिक्रमण 2020 में जस्सा के बड़े साम्राज्य का हिस्सा रही। हालांकि उस दौरान हुई कार्रवाई के जरिए निर्माण को ध्वस्त किया गया था। उक्त कार्रवाई अनूप जायसवाल उर्फ जस्सा के यहां ड्रमों में पॉवर प्रूफ एल्कोहल पकड़े जाने, 2 करोड़ 12 लाख रुपये की नगदी, चार लग्जरी वाहन ,पिस्तौल ,रिवाल्वर और साढ़े 9 लाख रुपये के मूल्य का गांजा भी बरामद होने के बाद की गई थी। लेखी इसके बाद भी कई बार प्रशासन को चुनौती देकर बार बार निर्माण किया जाता रहा। हालांकि जिला प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
