इंदौर:राउ पुलिस ने एक महिला की गुमशुदगी की जांच के दौरान चौंकाने वाला मामला उजागर किया है. पुलिस ने महिला को रतलाम से बरामद कर लिया है. दरअसल, उसे एक महिला ने अपने रिश्तेदार की मदद से बेच दिया था. पुलिस ने खरीदार और एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी महिला पहले से ही जेल में बंद है.
राउ थाना प्रभारी राजपाल सिंह राठौर ने बताया कि 30 जून को एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस ने जांच शुरू की तो अगले ही दिन महिला रतलाम में मिली. शुरूआती पूछताछ में उसने किसी तरह की घटना से इनकार किया, लेकिन बाद में खुलासा किया कि पति से विवाद के बाद वह उज्जैन अपने रिश्तेदार से मिलने गई थी. वहीं रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात मंगू बाई नामक महिला से हुई, जिसने बातचीत के दौरान भरोसा जीतकर उसकी मदद का आश्वासन दिया और अपने घर बुलाया.
घर पहुंचने पर मंगू बाई के साथ उसका भांजा जितेन्द्र बरोउ भी मौजूद था. दोनों ने मिलकर रतलाम के रहने वाले दिनेश चौधरी से संपर्क किया और महिला को डेढ़ लाख रुपए में बेच दिया. पुलिस ने शुक्रवार को दिनेश चौधरी और जितेन्द्र बरोउ को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी मंगू बाई इस समय खाचरोद के एक अन्य प्रकरण में जेल में बंद है. पुलिस अब उसे प्रोडक्शन वारंट पर इंदौर लाकर पूछताछ करेगी.
