मुंबई | पॉपुलर रियलिटी शो ‘बैटलग्राउंड 2’ के नए सीजन का प्रोमो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तहलका मच गया है। इस बार शो में भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव और मशहूर यूट्यूबर अभिषेक मल्हान (फुकरा इंसान) के बीच जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिल रही है। प्रोमो में खेसारी लाल यादव ‘हरियाणा बुल्स’ की कमान संभालते हुए अभिषेक पर तंज कसते नजर आए कि यह कोई हल्का शो नहीं बल्कि असली युद्ध का मैदान है। जवाब में ‘दिल्ली डोमिनेटर्स’ के मालिक अभिषेक मल्हान ने भी दो टूक कहा कि यहां केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि असली ताकत की परीक्षा होगी।
इस सीजन में प्रतियोगिता को और भी भव्य बनाने के लिए चार अलग-अलग क्षेत्रों की टीमें बनाई गई हैं। ‘हरियाणा बुल्स’ के लिए खेसारी लाल यादव और ‘दिल्ली डोमिनेटर्स’ के लिए अभिषेक मल्हान के अलावा, ‘यूपी दबंग’ की कमान दिग्गज कबड्डी खिलाड़ी राहुल चौधरी संभाल रहे हैं। वहीं, ‘मुंबई स्ट्राइकर्स’ की मालकिन के रूप में टीवी स्टार प्रियंका चाहर चौधरी अपनी टीम का नेतृत्व करेंगी। भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन एक बार फिर मुख्य मार्गदर्शक की भूमिका में होंगे, जिनका मानना है कि जमीन से जुड़ा खिलाड़ी ही ‘अल्टीमेट फिटनेस स्टार’ बनेगा।
‘बैटलग्राउंड 2’ में कुल 16 कंटेस्टेंट्स हिस्सा लेंगे, जो अपनी शारीरिक क्षमता और मानसिक मजबूती का प्रदर्शन करेंगे। शो के अंत में एक पुरुष और एक महिला प्रतियोगी को विजेता चुना जाएगा। प्रोमो में प्रियंका चाहर चौधरी और राहुल चौधरी के बीच भी हल्की नोंकझोंक देखी गई, जिससे साफ है कि इस बार मुकाबला केवल कंटेस्टेंट्स के बीच ही नहीं बल्कि मेंटर्स के बीच भी कड़ा होगा। फिटनेस, टास्क और हाई-वोल्टेज ड्रामा से भरपूर यह सीजन दर्शकों के लिए मनोरंजन का पूरा पैकेज साबित होने वाला है।

