इंदौर:नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव द्वारा प्रातः काल शहर के विभिन्न स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य एवं सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया, कार्यपालन यंत्री अश्विन जनवदे, लक्ष्मीकांत वाजपेई, पीएस कुशवाह एवं अन्य उपस्थित थे.आयुक्त द्वारा झोन 10, 11, 9 एवं 6 में निर्माण कार्य एवं सफाई व्यवस्था के क्रम में छावनी, मधुमिलन चौराहा, रीगल चौराहा रानी सती गेट, मालवा मिल चौराहा, अटल द्वार से जंजीर वाला चौराहा तक, नेहरू नगर की गलियों एवं मार्ग का निरीक्षण किया गया.
आयुक्त ने अटल द्वार से जंजीर वाला चौराहे के मध्य राशी रुपए 10.76 करोड़ की लागत से 18 मीटर चौड़ाई के सड़क निर्माण के संबंध में निरीक्षण किय. आयुक्त द्वारा सड़क निर्माण में बाधक एवं सेंट्रल लाइन के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली गई. उन्होंने सड़क के निरीक्षण के दौरान सेंट्रल लाइन की मार्किंग अनुसार बाधक अतिक्रमण की जानकारी ली, इस दौरान मल्टी निर्माण को देखते हुए, संबंधित भवन अधिकारी टीना सिसोदिया को निर्देशित किया कि जब सड़क निर्माण के लिए सेंट्रल लाइन डल गई है तो सड़क निर्माण में आने वाले भाग में कोई निर्माण नहीं हो यह देखें और कार्रवाई करें. आयुक्त ने अटल द्वार से जंजीर वाला चौराहा के मध्य सेंट्रल लाइन के अनुसार मकान, दुकान, शोरूम के बाधक निर्माण को हटाने के लिए कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए. वस्तु स्थिति साफ करते हुए बाधक निर्माण को हटाने के भी निर्देश दिए.
बैकलेन में गंदगी होने पर चालानी कार्रवाई करें
आयुक्त यादव द्वारा नेहरू नगर क्षेत्र में सफाई निरीक्षण के दौरान बैकलेन में कचरा- गंदगी होने पर संबंधित के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करने एवं नागरिकों के माध्यम से ही बैकलेन में गेट लगाने के निर्देश दिए गए. इसके साथ ही बैकलेन में कचरा एवं गंदगी फैलाने वालों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे नागरिकों के सहयोग से लगाने के संबंध में भी निर्देश दिए गए,
एनजीओ को लगाई फटकार
इसके साथ ही झोन 6 वार्ड 26 नेहरू नगर गलियों में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं पाए जाने पर सीएसआई एवं एनजीओ को फटकार लगाते हुए, क्षेत्र की एक-एक बैकलेन एवं मार्ग की विशेष सफाई करते हुए, कचरा फेंकने वालों पर निगरानी करने के लिए निर्देशित किया गया. आयुक्त द्वारा नेहरू नगर की गलियों में सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान कार एवं टू व्हीलर की रोड पर ही वॉशिंग करते हुए पानी मुख्य मार्ग पर फैलाने पर राहुल कार वॉशिंग सेंटर पर रुपए 10 हजार का स्पॉट फाइन करने तथा मुख्य मार्ग एवं गलियों में स्थित दुकानों के बाहर अवैध रूप से रखे गए होर्डिंग बैनर भी हटाने के निर्देश दिए गए।
