
इंदौर:कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में समय-सीमा के पत्रों के निराकरण (टीएल) एवं अंतर-विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई. कलेक्टर ने नवाचार के तहत समाधान हाथों-हाथ पहल के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन के शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर कई प्रकरणों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया.
उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. बैठक के दौरान समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण नहीं करने पर सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा ने एक पटवारी एवं एक ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित करने के निर्देश दिए. दो अधिकारियों पर पेनल्टी लगाने के निर्देश भी दिए गए.
बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, स्मार्ट सिटी के सीईओ अर्थ जैन, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, निशा डामोर, रिंकेश वैश्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे. बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जहां-जहां विलंब से शिकायतकर्ताओं को आर्थिक नुकसान हुआ, वहां संबंधित अधिकारियों से पेनल्टी की वसूली की जायेगी. कलेक्टर ने बताया कि राशन पर्ची बनाने में विलंब, तहसील खुड़ैल में राजस्व प्रकरण के एक आदेश के अमल में देरी, एमपीईबी एवं नगर परिषद बेटमा से जुड़े प्रकरणों में लापरवाही पाई गई, जिन पर तत्काल कार्रवाई की गई है.
आवेदनकर्ता चेतन चौधरी ने बताया कि ग्राम पंचायत लिम्बोदागरी में राशन पात्रता पर्ची के संबंध में समग्र आईडी के सत्यापन के लिए आवेदन किया था. पंचायत द्वारा समग्र आईडी का लंबे समय तक सत्यापन नहीं किया गया. कलेक्टर ने तुरंत सत्यापन कर राशन पात्रता पर्ची जारी करने के निर्देश दिए. साथ ही देरी एवं लापरवाही के लिए ग्राम पंचायत लिम्बोदागारी के सचिव को निलंबित करने के भी निर्देश दिए.
इसी तरह ग्राम शिवनी के आवेदनकर्ता अंकुरसिंह चौहान ने बताया कि उसने एक राजस्व प्रकरण में जारी आदेश को राजस्व अभिलेख में ऑनलाईन अपडेट करने के लिए आवेदन दिया था. काफी समय के बाद भी आदेश को राजस्व अभिलेख में दर्ज नहीं किया गया है. कलेक्टर ने आज ही आदेश को राजस्व अभिलेख में दर्ज करने के निर्देश दिए और लापरवाही पाये जाने पर खुडै¸ल तहसील के ग्राम शिवनी के पटवारी को निलंबित करने के आदेश दिए. इसी तरह दो अन्य मामलो में लापरवाही पर पैनल्टी लगाने के निर्देश दिए.
ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन आज
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 23 दिसंबर को किया जाएगा, एईआरओ एवं अतिरिक्त एईआरओ द्वारा इसकी तैयारी पूर्ण कर ली गई है. जो मैपिंग वाले मतदाताओं को नोटिस भेजे जाएंगे. इसके तथा ड्राफ्ट प्रकाशन के एक सप्ताह बाद दावा-आपत्ति की सुनवाई प्रारंभ होगी। प्रतिदिन लगभग 50 मतदाताओं की सुनवाई की जायेगी. सूची सभी मतदान केंद्रों पर चस्पा की जाएगी तथा संबंधित मतदाताओं को नोटिस देकर सूचना दी जाएगी
