भारत-मोरक्को वरीयता आधारित व्यापार समझौते की संभावना तलाशेंगे, जितिन प्रसाद की यात्रा में बनी बात

नयी दिल्ली, 26 अगस्त (वार्ता) वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद की मोरक्को की आधिकारिक यात्रा के दौरान दोनों पक्षों के बीच वरीयता आधारित व्यापार समझौते की संभावनाओं पर विचार करने तथा परस्पर व्यापार और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त कार्य समूह के गठन का निर्णय लिया गया।

श्री प्रसाद की मोरक्को की 24 से 25 अगस्त की इस यात्रा के परिणामों पर बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि व्यापारिक एवं आर्थिक सहयोग बढ़ाने के लिए एक संस्थागत व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत-मोरक्को संयुक्त कार्य समूह (जेडब्ल्यूसी) स्थापित करने पर सहमति जताई है। श्री प्रसाद के पास इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी के राज्य मंत्री की भी जिम्मेदारी है।

विज्ञप्ति में कहा गया है, ” यह समूह द्विपक्षीय व्यापार को विकसित करने के अवसरों तथा भारत और मोरक्को के बीच वरीयता आधारित व्यापार समझौते की व्यवहार्यता का अध्ययन करेगा।” संयुक्त कार्य समूह व्यापार में प्रशुल्कीय और गैर-प्रशुल्कीय बाधाओं की भी समीक्षा करेगा तथा वस्तुओं और सेवाओं के लिए बेहतर बाजार पहुंच और व्यापार सुविधा के अवसर तलाशेगा।

दोनों पक्षों ने भारतीय दवा कंपनियों के सामने आने वाली नियामकीय और बाजार पहुंच संबंधी समस्याओं को मिलकर दूर करने पर सहमति जताई जिसमें इसमें बाजार प्राधिकरण की प्रक्रियाएं और मंजूरी मिलने में लगने वाला समय शामिल है। बातचीत में भारतीय पक्ष ने प्रमुख निर्यात उत्पादों से संबंधित बाजार पहुंच की चिंताओं तथा भारत से आयात होने वाली सिरेमिक टाइलों पर चल रही जांच का मुद्दा भी उठाया।

श्री प्रसाद ने मोरक्को की यात्रा में वहां के वरिष्ठ मंत्रियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें कीं। उन्होंने मोरक्को के विदेश व्यापार प्रभारी उद्योग एवं व्यापार राज्य सचिव ओमर हेज़ीरा के साथ भारत-मोरक्को संयुक्त आयोग के 7वें सत्र की सह-अध्यक्षता की।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि भारत और मोरक्को पारस्परिक रूप से लाभकारी संबंधों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मोरक्को के बादशाह मोहम्मद छह के नेतृत्व में मजबूत रणनीतिक गति मिली है।

श्री प्रसाद ने मोरक्को-भारत बिजनेस फोरम में भाग लिया, मोरक्को के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं, भारतीय कारोबारी समुदाय से संवाद किया और इंडिया-मारोक फासफोर परिसर का दौरा किया। यह कंपनी मोरक्को के ओसीपी समूह और भारतीय कंपनियों का संयुक्त उपक्रम है। इस दौरान उन्होंने फॉस्फेट और उर्वरक क्षेत्र में भारत-मोरक्को की लंबे समय से चली आ रही साझेदारी की समीक्षा की।

श्री प्रसाद के साथ भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी गया था। प्रतिनिधिमंडल ने रबात-साले-केनित्रा चैंबर ऑफ कॉमर्स, इंडस्ट्री एंड सर्विसेज तथा जनरल कॉन्फेडरेशन ऑफ मोरक्कन एंटरप्राइजेज के साथ बैठकें कीं।

दोनों पक्षों ने कंपनियों के स्तर पर सीधे संपर्क मजबूत करने, व्यापार मेलों एवं प्रदर्शनियों में पारस्परिक भागीदारी बढ़ाने, व्यावसायिक बैठकें आयोजित करने और निवेश से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया। दोनों देशों ने निजी क्षेत्र के बीच साझेदारी को बढ़ावा देने में मोरक्को-भारत बिजनेस काउंसिल और मोरक्को-भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की भूमिका को मजबूत करने पर भी सहमति जताई।

श्री जितिन प्रसाद ने 24 अगस्त को कासाब्लांका में मोरक्को -भारत बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए ऑटोमोटिव, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), नवीकरणीय ऊर्जा, स्टार्ट-अप और वित्त, उर्वरक एवं रसायन, स्वास्थ्य सेवा और फार्मास्युटिकल क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर प्रकाश डॉला।

विज्ञप्ति के अनुसार इस दौरान कृषि के क्षेत्र में दोनों पक्षों ने सतत कृषि, खाद्य सुरक्षा, उत्पादों की पैकिंग ओर स्वच्छता के उपायों, खाद्य सुरक्षा मानकों, कृषि अनुसंधान, डिजिटल कृषि, जैव प्रौद्योगिकी और कृषि मूल्य श्रृंखलाओं में सहयोग मजबूत करने पर सहमति जताई।

दोनों पक्षों ने मोरक्को के राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्यालय और भारत के भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के बीच खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग संबंधी समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर का स्वागत किया।

इस यात्रा के दौरान दोनों पक्षों ने 2026-2030 के लिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम पर भी हस्ताक्षर किए।इस कार्यक्रम के तहत कलाकारों और पेशेवरों के आदान-प्रदान, त्योहारों एवं प्रदर्शनियों में भागीदारी, विरासत संरक्षण में सहयोग तथा संग्रहालयों, पुस्तकालयों और अभिलेखीय संस्थानों के बीच संबंधों को मजबूत करने के माध्यम से सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा।

दोनों देशों ने कहा कि 2027 में राजनयिक संबंधों की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ सांस्कृतिक आदान-प्रदान और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी। दोनों पक्षों ने भारत-मोरक्को संयुक्त आयोग के 8वें सत्र को नई दिल्ली में आयोजित करने पर सहमति जताई।

श्री प्रसाद ने इस यात्रा में मोरक्को के विदेश व्यापार राज्य मंत्री ओमर हेज़ीरा और उद्योग एवं व्यापार मंत्री रियाद मेज़ूर के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। उन्होंने निवेश मामलों के प्रभारी मंत्री करीम ज़िदान तथा डिजिटल परिवर्तन एवं प्रशासनिक सुधार की प्रभारी मंत्री डॉ. अमल एल फल्लाह सेघरोउचनी से भी मुलाकात की।

श्री प्रसाद ने मोरक्को में भारतीय कारोबारी समुदाय और भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात की। उन्होंने भारत-मोरक्को संबंधों को मजबूत करने में भारतीय समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने भारतीय कारोबारियों को मोरक्को में अपनी गतिविधियों का और विस्तार करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारियों को मजबूत करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही, उन्होंने भारतीय और मोरक्को की कंपनियों के बीच अधिक सहयोग की संभावनाओं पर भी जोर दिया।

 

 

Next Post

माटीडांड़ में 4 साल से पुल का इंतजार

Wed Aug 26 , 2026
सिंगरौली । जनपद पंचायत क्षेत्र बैढ़न के ग्राम पंचायत डिग्घी के ग्राम माटीडांड़ में पुलिया निर्माण के लिए ग्रामीणों को दशको से इंतजार करना पड़ रहा है। चार साल से पत्राचार चल रहा है, लेकिन डीएमएफ से राशि मंजूर नही हुई। इस मामले को लेकर ग्रामीण अब लामबंद होकर प्रशासन […]

You May Like