
सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गड़रिया पहाड़ में सोमवार को एक तेज़ रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार आधा दर्जन यात्री घायल हो गए, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑटो बैढ़न से बरगवां की ओर जा रहा था। ग्राम गड़रिया के पास पहाड़ी मोड़ पर तेज़ गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे ऑटो सड़क किनारे पलट गया। हादसे के समय ऑटो में कुल 9 सवारी सवार थीं। घटना की सूचना मिलते ही 112 डायल सेवा समेत बरगवां पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों की पहचान चंद्रप्रताप सेन (पिता श्रीलाल सेन), निवासी खनुवा एवं काजोल पनिका (पिता अनिल कुमार पनिका), निवासी बाघाडीह के रूप में हुई है। दोनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। बरगवां पुलिस द्वारा ऑटो को सुरक्षित थाने में खड़ा कराकर मामले की जांच की जा रही है।
