मानसून की कमी से गहराए कृषि संकट पर राहत की मांग

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में लंबे समय से मानसून में आए विराम और सामान्य से कम वर्षा के कारण गहराते कृषि संकट पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से प्रभावित किसानों के लिए तत्काल राहत उपाय लागू करने की मांग की है।

राज्य सरकार को लिखे पत्र में जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश में अब तक सामान्य से लगभग 15 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश के 55 में से 28 जिलों में 16 से 78 प्रतिशत तक वर्षा की कमी है, जिससे कई क्षेत्रों में बुआई प्रभावित हुई है और पहले से बोई गई फसलें भी सूखने लगी हैं।

उन्होंने कहा कि रीवा संभाग में धान की रोपाई केवल 41 प्रतिशत तक ही हो सकी है, जबकि नर्मदापुरम क्षेत्र में करीब 38 प्रतिशत कृषि भूमि अब भी बिना बुआई के है। रायसेन जिले में 2.80 लाख हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले मात्र 65 हजार हेक्टेयर में बुआई हुई है। वहीं, मुरैना में लंबे सूखे के कारण बाजरा सहित खरीफ फसलों को 30 से 40 प्रतिशत तक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। कई जिलों में धान, मक्का, सोयाबीन और कपास की फसलें भी संकट का सामना कर रही हैं।

जीतू पटवारी ने विशेष फसल क्षति सर्वेक्षण, किसानों को आर्थिक सहायता, दोबारा बुआई के लिए नि:शुल्क बीज, डीजल, बिजली और सिंचाई पर राहत, फसल बीमा दावों का शीघ्र भुगतान, आपात जल प्रबंधन तथा जिला स्तर पर प्रतिदिन समीक्षा करने वाली निगरानी समितियों के गठन की मांग की है।

उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में किसानों को संवेदनशील और त्वरित राहत की आवश्यकता है, न कि विलंबित प्रशासनिक कार्रवाई की।

Next Post

​नीट परीक्षा में शिक्षक की बेटी राशि जुनघरे ने बढ़ाया सौसर का मान,नगर में रहीं प्रथम

Sat Jul 18 , 2026
सौसर, स्थानीय मिडास कोचिंग संस्थान की होनहार छात्रा कु. राशि जुनघरे ने Re NEET परीक्षा 2026 में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षक माणिकराव जुनघरे की सुपुत्री राशि ने इस कठिन परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सौसर नगर में प्रथम स्थान […]

You May Like