
नीमच। जिले में हनुमान जयंती का पर्व इस वर्ष भी हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर जिले के प्रसिद्ध हर्कियाखाल स्थित बालाजी मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन हुए और मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया।
मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नीमच जिले के साथ-साथ पड़ोसी राज्य राजस्थान से भी बड़ी संख्या में भक्त यहां दर्शन के लिए पहुंचे।
परंपरा अनुसार आयोजित 15 दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का समापन हनुमान जयंती के दिन हुआ। इस विशेष अवसर पर कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और हवन में पूर्णाहुति दी। इस दौरान उनके पुत्र एवं पूर्व विधायक जितेंद्र गहलोत भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक माधव मारू, सुवासरा विधायक एवं पूर्व मंत्री हरदीप सिंह डंग, गरोठ विधायक चंद्र सिंह सिसोदिया, मंदसौर भाजपा अध्यक्ष राजेश दीक्षित, भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
वहीं प्रशासनिक स्तर पर कलेक्टर हिमांशु चंद्र और एसपी अंकित जायसवाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
हनुमान जयंती के अवसर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर में जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
हर्कियाखाल स्थित बालाजी मंदिर क्षेत्र का एक प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां हर मंगलवार को विशेष चौकी का आयोजन होता है। इस चौकी में दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं और बालाजी महाराज के चरणों में अपनी अर्जी लगाते हैं। मान्यता है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
आयोजन समिति द्वारा पिछले 28 वर्षों से हनुमान जयंती पर 15 दिवसीय इस विशेष आयोजन का निरंतर आयोजन किया जा रहा है, जो नवरात्रि की घट स्थापना से शुरू होकर हनुमान जयंती तक चलता है। इस दौरान यज्ञ, हवन, अनुष्ठान, 56 भोग, सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या और रामलीला जैसे कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे।
