सीधी: सिटी कोतवाली थानांतर्गत कुचवाही में आज शनिवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर प्रकाश चंद्र गुप्ता उम्र 45 वर्ष पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। इस मामले में रामकुमार गुप्ता, आनंद गुप्ता, शिवम् गुप्ता, माला गुप्ता और पंकज गुप्ता पर हमले का आरोप है। घायल प्रकाश चंद्र गुप्ता के अनुसार यह विवाद लंबे समय से चल रहा था। उन्होंने बहरी तहसील में आवेदन दिया था, जिसके बाद राजस्व विभाग से उन्हें स्टे ऑर्डर मिला था। इसके बावजूद कथित तौर पर दूसरा पक्ष निर्माण कार्य जारी रखे हुए था।जब प्रकाश गुप्ता निर्माण कार्य रोकने पहुंचे, तो पहले गाली-गलौज हुई और फिर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया गया।
हमले में प्रकाश गुप्ता के सिर पर गंभीर चोटें आईं, एक हाथ फ्रैक्चर हो गया और सीने पर भी वार किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने शुरुआत में केवल साधारण धाराओं में मामला दर्ज किया और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर असंतोष व्यक्त किया।घायल की पत्नी मालती गुप्ता ने बताया कि जब वे अपने पति को बचाने गईं तो आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। उन्होंने अपने पति को ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचाया। मालती गुप्ता ने भी आरोप लगाया कि पुलिस ने अभी तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की है और आरोपी लगातार धमकी दे रहे हैं।
इनका कहना है
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और घायल को तुरंत जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद आरोपियों पर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।
कन्हैया सिंह बघेल, थाना प्रभारी कोतवाली
