रीवा: महापौर अजय मिश्रा ‘बाबा‘ ने शहर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए पुलिस पेट्रोल पंप एसएएफ चैराहे पर निर्माणाधीन रोटरी के सौंदर्यीकरण कार्य का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सौंदर्यीकरण एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित ठेकेदार को निर्धारित समयावधि में कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए.
साथ ही, चैराहे के चारों ओर मीडियन पर लगाई जा रही लोहे की जाली कुछ स्थानों पर एक समान स्तर पर नहीं पाए जाने पर उन्होंने संबंधित ठेकेदार को फटकार लगाते हुए निर्देशित किया कि पूरी जाली को एक ही स्तर पर स्थापित किया जाए, ताकि डिवाइडर आकर्षक एवं समरूप दिखाई दे. महापौर ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही पूर्ण किए जाएं.
इसके उपरांत महापौर अजय मिश्रा ‘बाबा‘ ने गुढ़ चैराहे के समीप स्थित ऐतिहासिक अजब कुंवरी की बावड़ी परिसर में विकसित किए गए पार्क का भी निरीक्षण किया. उन्होंने पार्क में चल रहे सौंदर्यीकरण, हरियाली, साफ-सफाई एवं अन्य विकास कार्यों का अवलोकन करते हुए कहा कि अजब कुंवरी की बावड़ी शहर की ऐतिहासिक धरोहर है और इसके आसपास विकसित किया गया पार्क नागरिकों के लिए एक सुंदर एवं आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में तैयार है.
उन्होंने निर्देश दिए कि पार्क परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, पौधारोपण एवं हरित क्षेत्र का समुचित विकास किया जाए तथा सभी निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य इस माह के अंत तक हर हाल में पूर्ण कर, आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए पार्क को शीघ्र ही शहरवासियों को समर्पित किया जाए. भ्रमण के दौरान एमआईसी सदस्य पार्षद श्रीमती नजमा बेगम, रवि तिवारी कार्यपालन यंत्री सिद्धार्थ सिंह सहायक यंत्री पीएन शुक्ला, अभिनव चतुर्वेदी एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे
