मुंबई, 20 जुलाई (वार्ता) जियोस्टार आगामी फेस्टिव सीजन में देश के सबसे लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के छह भाषाई संस्करणों हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और बांग्ला को एक साथ लॉन्च करेगा। इसके साथ ही कंपनी ने बिग बॉस की यात्रा, सांस्कृतिक प्रभाव और व्यावसायिक सफलता को दर्शाने वाली देश की पहली डेटा-आधारित कॉफी टेबल बुक ‘इंडियाज़ बिग्ग रियलिटी’ भी जारी की है। कंपनी ने बयान जारी कर कहा कि सितंबर 2026 से बिग बॉस के सभी छह संस्करण उसके टेलीविजन नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित किए जाएंगे। शो की मेजबानी सलमान खान, विजय सेतुपति, नागार्जुन, किच्चा सुदीप और मोहनलाल करेंगे, जबकि बंगाली संस्करण से पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली भी जुड़ेंगे।
जियोस्टार के अनुसार वर्ष 2025 में बिग बॉस फ्रेंचाइजी ने 50 करोड़ से अधिक दर्शकों तक पहुंच बनाई और 438 अरब से अधिक व्यूइंग मिनट्स दर्ज किए। छह भाषाओं में प्रसारित होने वाले इस शो ने दर्शक सहभागिता में सालाना आधार पर 47 प्रतिशत वृद्धि हासिल की। हेड-एंटरटेनमेंट सेल्स (टीवी) महेश शेट्टी ने कहा कि पिछले दो दशकों में बिग बॉस ने लगातार अपने स्वरूप और प्रभाव का विस्तार किया है तथा यह केवल मनोरंजन कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक घटना बन चुका है।
वहीं हेड-एंटरटेनमेंट सेल्स (डिजिटल) भास्कर रमेश ने कहा कि फेस्टिव सीजन में बिग बॉस दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने वाला प्रमुख मंच बनकर उभरता है और ब्रांड्स को बड़े पैमाने पर उपभोक्ताओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। कंपनी के मुताबिक वर्ष 2025 में बिग बॉस को जियोहॉटस्टार पर 9.32 अरब से अधिक वोट और 4.3 करोड़ लाइव चैट्स प्राप्त हुए। इसके अलावा शो से जुड़े 1.7 अरब से अधिक सोशल मीडिया एंगेजमेंट्स और लगभग 30 मिलियन यूजर-जनरेटेड मीम्स दर्ज किए गए।
जियोस्टार ने कहा कि हिंदी भाषी क्षेत्रों में बिग बॉस की पहुंच 200 मिलियन करोड़ से अधिक दर्शकों तक है, जबकि दक्षिण भारत में यह 300 मिलियन से अधिक दर्शकों तक पहुंचता है।

