हटा /दमोह:तहसील हटा अंतर्गत ग्राम कुंवरपुर के होनहार युवा अनय कुर्मी ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती में सब इंस्पेक्टर पद पर अंतिम चयन प्राप्त कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी अंतिम चयन सूची में अनय कुर्मी का चयन सब इंस्पेक्टर पद पर हुआ है। अनय, पिता रतीराम, ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर लगन के बल पर यह सफलता अर्जित की है।
बताया जाता है कि अनय का परिवार आर्थिक रूप से साधारण एवं कमजोर स्थिति से जुड़ा रहा है। सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के दम पर यह सफलता हासिल की। उनकी उपलब्धि इस बात का उदाहरण है कि कठिन परिस्थितियाँ भी मजबूत इरादों के आगे बाधा नहीं बन सकतीं।
चयन की सूचना मिलते ही ग्राम कुंवरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।ग्रामीणों का कहना है कि अनय कुर्मी की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने सिद्ध किया है कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त की जा सकती है।ग्रामवासियों ने अनय कुर्मी के चयन पर गर्व व्यक्त करते हुए आशा जताई कि वे अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन कर समाज एवं देश की सेवा करेंगे।
