मुरैना: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर-मुरैना दौरे के दौरान विकास योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने गरीबी मुक्त गांव योजना, आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और कृषि सुधारों पर जोर दिया। उन्होंने बजट को आत्मनिर्भर भारत के लिए दूरदर्शी बताया। ग्वालियर से मुरैना तक जनता ने उनका भव्य स्वागत किया।केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर और मुरैना का दौरा किया। ग्वालियर से मुरैना तक आम जनता, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। शिवराज सिंह ने मुरैना में एक निजी कार्यक्रम में सहभागिता कर संबोधित किया।
शिवराज सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश लगातार प्रगति और विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। पहले भी प्रदेश में कई रिकॉर्ड बने थे और अब मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में भी लगातार कृषि और किसानों के हित में काम हो रहा है। शिवराज सिंह ने कहा कि मेरे पास कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालयों की जिम्मेदारी है। इसलिए कृषि हो या ग्रामीण विकास मध्यप्रदेश अद्भुत और अभूतपूर्व प्रगति करता रहेगा।
चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक सपना और संकल्प है कि गरीबी मुक्त गांव हों। गरीबी मुक्त गांव के लिए एक विशेष योजना लाई जा रही है। योजना के अंतर्गत गांव के हर आदमी को आजीविका मिशन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि अब तक 3 करोड़ लखपति दीदी बनाई गई हैं, जिसमें 1 करोड़ 15 लाख दीदियां लखपति बन चुकी हैं। इसी तरह गांव की कोई भी बहन आजीविका मिशन से जुड़े बिना न रहे। गांव का हर आदमी और हर बहन अगर आजीविका मिशन से जुड़ते हैं तो उनकी गरीबी दूर होगी, उनकी आय बढ़ेगी और वह आत्मनिर्भर बनेंगे। आजीविका मिशन से जुड़कर कई बहनें सशक्त हुई हैं, आत्मनिर्भर बनी हैं और ऐसे ही गरीबी मुक्त गांव का सपना भी साकार होगा।
