
उज्जैन। गरोठ ब्रिज के नीचे सर्विस लेन के किनारे खंती में एक युवक की लाश पड़ी होना सामने आया। घटना स्थल पर उसकी बाइक भी पड़ी थी। नंबर के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की है। मामला सडक़ हादसे का होना सामने आ रहा है। पंवासा थाना प्रभारी गमरसिंह मंडलोई ने बताया कि मंगलवार सुबह गरोठ ब्रिज के नीचे सर्विस लेन के पास खंती में एक युवक की लाश पड़ी होने की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची थी। घटना स्थल पर बाइक और गैस का छोटा सिलेण्डर पड़ा हुआ था। मृतक 25-30 वर्ष का प्रतीक हो रहा था जिसने शर्ट और बरमुडा पहन रखा था। उसके सिर और हाथ-पैर पर चोट के निशान थे। प्रारंभिक जांच में मामला सडक़ हादसे का प्रतीत हुआ। मृतक के पास से पहचान का कोई दस्तावेज नहीं मिला था। बाइक नंबर से उसकी पहचान के प्रयास शुरू किए। कुछ देर में ही पता चला कि मृतक युवक देवास जिले के बांगर स्थित गांव का रहने वाला रोहित पिता मुकेश चौहान है। पुलिस द्वारा उसके परिजनों से संपर्क कर सूचना दी गई है। जिनके उज्जैन पहुंचने पर सामने आया कि रोहित उज्जैन में ही किराए से मकान लेकर ट्रेवल्स का काम करता था। उसने प्रेम विवाह किया था लेकिन बाद में परिवार से संपर्क नहीं रहा था।
