
चुरहट। चुरहट में झोलाछाप डॉक्टरों की मौत की दुकानें सजी हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना है। तीन बार छापामार कार्रवाई तो हुई लेकिन कार्रवाई शून्य है। फाइलों में जांच दफन हो गई है। यह रसूख या वसूली का खेल है। किसकी शह पर झोलाछाप डॉक्टर बच रहे हैं?
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चुरहट अंतर्गत झोलाछाप डॉक्टरों का जाल इस कदर फैल चुका है कि गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य चौराहों और किराने की दुकानों की आड़ तक अवैध क्लीनिक खुलेआम संचालित हो रहे हैं। बिना डिग्री और पंजीयन के सफेद कोट और गले में स्टेथोस्कोप लटकाए ये फर्जी डॉक्टर मरीजों को धड़ल्ले से इंजेक्शन, ग्लूकोज, स्टेरॉयड और हैवी एंटीबायोटिक देकर उनकी जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। इतना ही नहीं ये ऑपरेशन तक करने का दावा करते हैं जबकि जिम्मेदार प्रशासन सब कुछ जानकर भी मौन है। गौरतलब है कि बार-बार छापेमारी के बावजूद कार्रवाई शून्य रहने से चुरहट की जनता में कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का पूछना है कि यदि ये क्लीनिक अवैध थे तो उन्हें सील क्यों नहीं किया गया, और यदि वैध थे तो मजिस्ट्रेट व पुलिस को लेकर छापे का दिखावा क्यों हुआ? क्षेत्र में चर्चा है कि या तो छापे के बाद मोटी रकम लेकर समझौता कर लिया जाता है या फिर किसी रसूखदार के एक फोन पर कार्रवाई ठंडे बस्ते में डाल दी जाती है।
मजबूरी का फायदा, शासन के निर्देश हवा में
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों, दवाओं और रात के समय इलाज की भारी कमी है। इसी मजबूरी का फायदा उठाकर झोलाछाप सस्ते और तुरंत इलाज का झांसा देकर मोटी फीस वसूलते हैं। जब तक मरीज की हालत गंभीर होती है तब तक बहुत देर हो चुकी होती है और कई मरीज जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ देते हैं। शासन के सख्त निर्देशों के बावजूद कार्रवाई न होने से लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन तीनों छापों की रिपोर्ट सार्वजनिक कर दोषियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करे।
तीन तारीखें, तीन छापे, नतीजा सिफर
स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीम ने पहली बार 31 मई 2024 को दबिश दी लेकिन कार्रवाई सिर्फ पंचनामे तक सिमट गई। महज 12 दिन बाद 12 जून 2024 को दूसरी बार फिर छापेमारी की औपचारिकता निभाई गई पर फाइलें अलमारी में बंद हो गई। तीसरी बार 20 अगस्त 2026 को हुई बड़ी कार्रवाई में भी केवल कागजी खानापूर्ति कर टीम लौट गई। तीन बार छापामार अभियानों के बाद भी न एफआईआर हुई, न कोई क्लीनिक सील हुआ और न ही किसी की गिरफ्तारी हुई।
इनका कहना है
मेरे निर्देश पर अभी कुछ क्लीनिकों पर छापामार कार्रवाई संयुक्त टीम ने किया है। स्वास्थ्य विभाग के बीएमओ ने क्या प्रतिवेदन दिया है इसकी जानकारी लेकर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जायेगी। आगे भी इस तरह की कार्रवाई होगी। मेडिकल स्टोर्स की जांच भी होगी।
अजय शर्मा, एसडीएम चुरहट
किस तरह की कार्यवाही करना है यह अधिकार उपखंड अधिकारी को है। झोलाछाप व अवैध क्लीनिक चलाने वालो पर कार्यवाही क्यो नहीं हुई उसका कारण छापेमार कार्यवाही की टीम द्वारा ही बता सकती हैं ।
डॉ.आदर्श मिश्रा, बीएमओ रामपुर नैकिन
०००००००००००००
