पुरानी रंजिश में घर के बाहर खड़ी स्कूटी को पेट्रोल डालकर फूंकने वाला धराया

इंदौर:अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए एक घर के बाहर खड़ी स्कूटी में पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने महज २४ घंटे के भीतर दबोच लिया है. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी घेराबंदी कर चंदन नगर इलाके से उसे गिरफ्तार किया.इस आगजनी की घटना के संबंध में फरियादिया श्रीमती नीमा डांडिया निवासी अन्नपूर्णा मंदिर के पास ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. नीमा ने पुलिस को बताया कि गत 18 जून की रात्रि में वे अपने घर में सो रही थीं, तभी किसी अज्ञात बदमाश ने उनके घर के बाहर खड़ी उनकी एक्टिवा स्कूटी नम्बर एमपी 09 डीबी 0576 में पेट्रोल डालकर आग लगा दी.

आगजनी के कारण स्कूटी पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई और बड़ा नुकसान हुआ.चूंकि मामला सरेराह आगजनी कर दहशत फैलाने से जुड़ा था, इसलिए वरिष्ठ अधिकारियों के कड़े निर्देशन में थाना प्रभारी हित गोपाल यादव के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई. टीम ने तत्काल घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को एक संदेही का सुराग मिला. इसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया, जिसकी सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को चंदन नगर थाना क्षेत्र से धरदबोचा.

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान आदित्य कोसे पिता संतोष कोसे निवासी रामा कॉलोनी, सिरपुर, के रूप में हुई है. पुलिस द्वारा जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी आदित्य ने बताया कि फरियादिया के परिवार से उसकी पुरानी रंजिश चल रही थी. इसी का बदला लेने और उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाने की नीयत से उसने रात के अंधेरे में स्कूटी पर पेट्रोल छिड़का और माचिस मारकर फरार हो गया था

Next Post

साले के अंतिम संस्कार से लौटे युवक पर नुकीले हथियार से हमला

Mon Jun 22 , 2026
इंदौर: आजाद नगर थाना क्षेत्र में अपने साले के अंतिम संस्कार से लौटकर घर के बाहर बैठे युवक के साथ एक बदमाश ने महज गाली देने से मना करने की बात पर मारपीट करते हुए उस पर नुकीले हथियार से वार कर घायल कर दिया. आजाद नगर थाना पुलिस ने […]

You May Like