
जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत गांधीचौक स्थित एक किराना दुकान पर बदमाशों ने सरेराह कट्टा लहराकर 5, 000 साप्ताहिक हफ्ता मांगा और न देने पर दुकान के शटर पर सुअरमार बम फेंककर दहशत फैला दी। धमाके की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, रविदास नगर रांझी निवासी अनिल श्रीपाल (42) गांधीचौक पर श्रीपाल किराना एवं जनरल स्टोर चलाते हैं। शनिवार देर रात अनिल अपने छोटे भाई संजय श्रीपाल के साथ दुकान पर काम समेट रहे थे। इसी दौरान तालाब मानेगांव के दो शातिर बदमाश, मोनू शुक्ला और विवेक कोल, दुकान पर आ धमके।
आरोपी मोनू शुक्ला के हाथ में कट्टा था। उसने अनिल पर कट्टा तानते हुए चिल्लाकर कहा मैं यहाँ का गुंडा हूँ। अगर यहाँ किराना दुकान चलानी है, तो हर हफ्ते 5 हजार रुपये हफ्ता देना पड़ेगा, नहीं तो जान से खत्म कर दूँगा। जब दुकानदार अनिल श्रीपाल ने बदमाशों को हफ्ता देने से साफ मना कर दिया, तो दोनों भाईयों को धमकाते हुए वहां से निकल गए। लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों बदमाश दोबारा आए और दुकान के शटर को निशाना बनाकर एक के बाद एक सुअरमार बम फेंक दिए। बम जोरदार आवाज के साथ फटे, जिससे पूरी दुकान हिल गई और आसपास के लोग सहम गए। भागते-भागते भी बदमाशों ने धमकी दी कि अगर हफ्ता नहीं मिला, तो अगली बार जान से मार देंगे।
