
आलीराजपुर। मध्य प्रदेश सरकार ने योजनाओं की जमीनी मॉनिटरिंग के लिए ‘जनविश्वास अभियान’ शुरू करने का ऐलान किया है। यह अभियान अब से हर शुक्रवार को चलेगा।
सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सभी मंत्री, विधायक और अधिकारी शुक्रवार को फील्ड में उतरेंगे। इस दिन कोई बैठक नहीं होगी। कलेक्टरों को कार्यक्रम तय कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
अभियान के तहत CM हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, आयुष्मान योजना, जल जीवन मिशन और आंगनवाड़ी जैसी योजनाओं की सीधे समीक्षा होगी। सरकार का जोर संवाद, समाधान और संवेदनशीलता पर रहेगा। कार्यक्रम सादगी से होंगे, बड़े टेंट या ज्यादा खर्च नहीं किया जाएगा।
मंत्री अपने प्रभार वाले जिलों को प्राथमिकता देंगे। 1-2 सप्ताह में मिले फीडबैक के आधार पर अभियान में जरूरत के हिसाब से बदलाव भी किए जाएंगे। सरकार ने कहा कि भ्रष्टाचार और अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
